पति की सरकारी नौकरी और पत्नी ले रही मंईयां सम्मान का लाभ; दुमका में 4 महिलाओं को नोटिस
दुमका में मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना का गलत तरीके से लाभ लेने वाली चार महिलाओं से 2.12 लाख रुपये की वसूली का नोटिस भेजा गया है। इन महिलाओं के पति ...और पढ़ें

पति की सरकारी नौकरी और पत्नी ले रही मंईयां सम्मान का लाभ (AI Generated Image)
HighLights
चार महिलाओं ने गलत तरीके से लिया मईयां सम्मान योजना का लाभ।
सरकारी सेवा में पति होने के कारण हुईं अपात्र, वसूली नोटिस जारी।
कुल 2.12 लाख रुपये की वसूली, जमा न करने पर कानूनी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, दुमका। पति के सरकारी सेवा में होने के बाद भी गलत जानकारी देकर 'मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना' का लाभ लेना चार महिलाओं को भारी पड़ गया है। रानीश्वर के प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने सभी महिलाओं को 2.12 लाख रुपये की वसूली के लिए नोटिस भेजा है।
अगर महिलाएं तय समय के अंदर राशि जमा नहीं करती हैं, तो उन्हें कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ सकता है।
दरअसल, उपायुक्त के निर्देश पर बीडीओ ने प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ लेने वाली महिलाओं का भौतिक सत्यापन किया था। इसमें पता चला कि कई ऐसे लाभुक हैं जिनके पति या पिता सरकारी नौकरी में हैं, इसके बाद भी योजना का लाभ गलत तरीके से लिया जा रहा है।
पहले सभी महिलाओं को नोटिस दिया गया, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने के कारण योजना के तहत प्राप्त की गई राशि को ब्याज सहित वापस करने का फिर से नोटिस दिया गया है।
बीडीओ ने बताया कि लाभुक मीतू कुमारी के पति रेलवे में काम करते हैं। मीतू योजना का लाभ ले रही थीं। उन्हें 60,480 रुपये का नोटिस भेजा गया है। शिल्पी चक्रवर्ती के पति सरकारी शिक्षक हैं, उनसे 30,800 रुपये; जुई कुमारी साहा के पति पारा शिक्षक हैं, उनसे 60,480 रुपये व रिमा चन्द्रा से 60,480 रुपये जमा करने को कहा गया है।
रिमा ने बनवा लिया लाल कार्ड
रिमा ने मंईयां सम्मान योजना का लाभ लेने के लिए पहले लाल कार्ड बनवाया। लाभ मिलने के बाद लाल कार्ड से नाम कटवाकर हरा कार्ड बनवा लिया। दोनों कार्डों से अनाज का उठाव भी किया जा रहा था। उनका अपना दो मंजिला पक्का मकान भी है।
खबरें और भी
सभी को निर्देश दिया गया है कि जल्द 'सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग' के नाम का ड्राफ्ट बनाकर प्रखंड कार्यालय में जमा किया जाए। बीडीओ ने बताया कि दो महिलाओं ने पैसा जमा करने की बात स्वीकार की है। अगर समय पर पैसा जमा नहीं होता है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।