बासुकीनाथ में पिकअप वैन ने कांवरिया को कुचला, यूपी के देवरिया के श्रद्धालु की मौत
Dumka News: श्रावणी मेले के दौरान दुमका में एक दुखद घटना में उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी 52 वर्षीय कांवरिया मुन्ना सिंह की पिकअप वैन की चपेट में आन ...और पढ़ें

दुमका में सड़क दुर्घटना में कांवरिया की माैत। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
दुमका में श्रावणी मेले के दौरान दुखद हादसा।
पिकअप वैन की चपेट में आने से कांवरिया की मौत।
मृतक उत्तर प्रदेश के देवरिया का निवासी था।
जागरण संवाददाता, दुमका। झारखंड के देवघर और बासुकीनाथ में श्रावणी मेल चल रहा है। इस मेले के दाैरान देशभर से कांवरिया (कांवड़िया) बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ की पूजा करने के लिए आते हैं। बाबा के भक्त बिहार के सुल्तानगंज से गंगाजल लाकर जलाभिषेक करते हैं।
सोमवार की रात एक दुखद घटना घटी। दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के सहारा गांव के पास पिकअप वैन की चपेट में आने से 52 वर्षीय कांवरिया मुन्ना सिंह की मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के देवरिया का रहने वाला था।
मुन्ना सिंह देवरिया के एक दर्जन कांवरियों के साथ पिकअप वैन से बाबा का जलाभिषेक करने के लिए आए थे। सोमवार को उसने साथियों के साथ पहले देवघर और उसके बाद बाबा बासुकीनाथ में जलाभिषेक किया। रात 12 बजे के करीब सभी युवक अपनी पिकअप वैन को सड़क के किनारे खड़ी कर खाना बनाने की तैयारी कर रहे थे।
इसी क्रम में तेजी से आ रही है एक दूसरी पिकअप वैन ने सड़क किनारे खड़े मुन्ना सिंह को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल मुन्ना को पहले जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया,लेकिन हालत नाजुक होने की वजह से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल लाने के क्रम में उसकी मौत हो गई। नगर थाना की पुलिस पंचनामा तैयार कर शव का पोस्टमार्टम कराएगी। इसके बाद शव को स्वजन को साैंप दिया जाएगा।