Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दुमका में आसमानी बिजली का कहर, कमरे में सोई दो सगी बहनों की वज्रपात से मौत; भाई हुआ बेहोश

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 02:06 PM (IST)

    दुमका के काठीकुण्ड थाना क्षेत्र में आसमानी बिजली गिरने से दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका भाई बेहोश हो गया। ...और पढ़ें

    दो सगी बहनों की वज्रपात से मौत

    दो सगी बहनों की वज्रपात से मौत

    HighLights

    1. दुमका में आसमानी बिजली गिरने से दो बहनों की मौत।

    2. काठीकुण्ड के बूढ़ीडंगाल गांव में हुई दर्दनाक घटना।

    3. सांसद प्रतिनिधि ने पीड़ित परिवार को दी सहायता।

    संवाद सूत्र, काठीकुण्ड (दुमका)। काठीकुण्ड थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बूढ़ीडंगाल में मंगलवार देर शाम आसमानी बिजली गिरने से दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य बच्चा बेहोश हो गया, जिसका इलाज के बाद स्वास्थ्य अब स्थिर है।

    क्या है मामला?

    घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे की है, जब क्षेत्र में हल्की बारिश के साथ जोरदार गर्जन हो रही थी। मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य अलग-अलग कमरों में थे। पिता शिवलाल मुर्मू, माता सोनामुनी बास्की और एक बच्चा सागेन मुर्मू एक कमरे में थे, जबकि 11 वर्षीय मिरु मुर्मू, 6 वर्षीय अनिता मुर्मू और 13 वर्षीय देवीलाल मुर्मू दूसरे कमरे में सोए हुए थे।

    परिजनों के अनुसार, अचानक एक तेज आवाज के साथ बिजली गिरी, जिससे घर के समीप अन्य घर में मौजूद बड़ी मां को जोरदार झटका महसूस हुआ। उनके चिल्लाने पर जब परिजन दूसरे कमरे में पहुंचे, तो वहां का दृश्य देख सन्न रह गए। 

    मिरु और अनिता बेसुध पड़े थे और उनकी सांसें थम चुकी थीं, जबकि 13 वर्षीय देवीलाल बेहोश था।आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद ली गई, लेकिन तब तक दोनों बच्चियों ने दम तोड़ दिया था।घायल देवीलाल को प्राथमिक उपचार के बाद बचा लिया गया है।

    खबरें और भी

    अत्यंत गरीब है पीड़ित परिवार

    शिवलाल मुर्मू का परिवार बेहद दयनीय आर्थिक स्थिति में जीवन यापन कर रहा है। शिवलाल पेशे से किसान हैं और मजदूरी करके परिवार का पेट पालते हैं। वे पिछले पांच वर्षों से बूढ़ीडंगाल स्थित अपनी कच्ची फूस की झोपड़ी में रह रहे हैं। 

    दुखद पहलू यह है कि इस गरीब परिवार को अब तक किसी भी सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है। घर के आसपास लगे बड़े इमली और खजूर के पेड़ इस प्राकृतिक आपदा के दौरान और अधिक असुरक्षित प्रतीत होते हैं।

    सांसद प्रतिनिधि ने ली सुध

    घटना की सूचना मिलते ही दुमका सांसद प्रतिनिधि जोन सोरेन पीड़ित परिवार से मिलने बूढ़ीडंगाल पहुंचे।उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही, उन्होंने परिवार को हर संभव सरकारी सहायता और लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया है।

    मौके पर सांसद प्रतिनिधि के साथ झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल जब्बार और बिछियापहाड़ी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि छोटू मुर्मू साथ पहुंचे थे।