शिवभक्तों को रेलवे का तोहफा, देवघर-गोड्डा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन; चेक करें टाइमिंग-रूट
पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने श्रावणी मेले के लिए देवघर-हंसडीहा-गोड्डा के बीच साप्ताहिक स्पेशल पैसेंजर ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 2 अगस्त ...और पढ़ें

शिवभक्तों को रेलवे का तोहफा, देवघर-गोड्डा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
HighLights
देवघर-हंसडीहा-गोड्डा के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलेगी।
श्रावणी मेले के दौरान 2 अगस्त से 30 अगस्त तक।
बाबा बैद्यनाथ धाम के श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा।
संवाद सहयोगी, हंसडीहा (दुमका)। श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने देवघर-हंसडीहा-गोड्डा रेलखंड पर साप्ताहिक स्पेशल पैसेंजर ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन दो अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार को संचालित होगी, जिससे बाबा बैद्यनाथ धाम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
जारी समय-सारिणी के अनुसार, स्पेशल पैसेंजर ट्रेन देवघर स्टेशन से सुबह 10:45 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद मोहनपुर, हरलाटांड़ और ककनी स्टेशन होते हुए 11:38 बजे हंसडीहा पहुंचेगी। दोपहर 12:40 बजे गोड्डा पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन गोड्डा से दोपहर 1:15 बजे रवाना होगी। यह 1:45 बजे हंसडीहा पहुंचेगी और विभिन्न स्टेशनों से होते हुए दोपहर 3:20 बजे देवघर पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस विशेष ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है। इससे देवघर, हंसडीहा और गोड्डा के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं एवं आम यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने भी रेलवे के इस निर्णय का स्वागत करते हुए भविष्य में नियमित ट्रेन सेवा संचालित करने की मांग दोहराई है।
हंसडीहा के रास्ते नवगछिया तक रोजाना स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग
श्रावणी मेले के दौरान स्थानीय लोगों ने रेलवे से देवघर-मोहनपुर-हंसडीहा बाइपास रेललाइन होते हुए अजगैबीनाथ , मुंगेर और नवगछिया तक प्रतिदिन स्पेशल पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यह मार्ग उत्तर बिहार और संथाल परगना के श्रद्धालुओं के लिए सबसे सुगम साबित हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार हंसडीहा से बाबा बासुकीनाथ धाम की दूरी काफी कम है। श्रावणी मेला के दौरान नवगछिया, पूर्णिया, कटिहार, मुंगेर और आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
खबरें और भी
वर्तमान में उन्हें सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ती है, जहां वाहनों द्वारा मनमाना किराया वसूला जाता है। लोगों का कहना है कि यदि इस रूट पर प्रतिदिन स्पेशल पैसेंजर ट्रेन चलाई जाती है तो श्रद्धालुओं को सस्ती, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
साथ ही हंसडीहा के माध्यम से बाबा बासुकीनाथ धाम का अजगैबीनाथ, उत्तर बिहार से सीधा रेल संपर्क भी मजबूत होगा। स्थानीय लोगों ने श्रावणी मेला को देखते हुए रेलवे से इस दिशा में शीघ्र पहल करने की मांग की है।