विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गढ़वा जिले के 23 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त साइकिल, क्लस्टरों में शुरू हुई फिटिंग

Published: Wed, 23 Sep 2026 03:34 PM (IST)

गढ़वा जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत 23,286 आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को मुफ्त साइकिलें प्रदान की जा रही ...और पढ़ें

23 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त साइकिल

23 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त साइकिल

HighLights

  1. गढ़वा में 23,286 छात्रों को मुफ्त साइकिलें मिलेंगी।

  2. विभिन्न क्लस्टरों में साइकिलों की फिटिंग का कार्य जारी।

  3. योजना से विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी।

संदीप केसरी शौर्य, गढ़वा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के 23 हजार 286 छात्र-छात्राओं को निश्शुल्क साइकिल प्रदान की जा रही है। साइकिल वितरण को लेकर विभिन्न प्रखंडों में क्लस्टर बनाए गए हैं। इन क्लस्टरों में साइकिल की फिटिंग का कार्य किया जा रहा है। 

इसके बाद आठवीं कक्षा में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के तहत विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा देने के साथ उनकी पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार अनुसूचित जाति वर्ग के कुल 6045 छात्र-छात्राओं को साइकिल दी जानी है। इनमें 3088 छात्र तथा 2957 छात्राएं शामिल हैं। इसी प्रकार अनुसूचित जनजाति वर्ग के 3636 विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिलेगा। इनमें 1869 छात्र और 1767 छात्राएं हैं।

साइकिल पाने वालों में पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों की संख्या सबसे अधिक

पिछड़ा वर्ग श्रेणी में कुल 9332 छात्र-छात्राओं को निश्शुल्क साइकिल प्रदान की जा रही है। इनमें 4673 छात्र और 4659 छात्राएं शामिल हैं। वहीं अल्पसंख्यक वर्ग के कुल 4273 विद्यार्थियों को साइकिल दी जा रही है। इसमें 2049 छात्र तथा 2224 छात्राएं शामिल हैं।

क्लस्टर में हो रही साइकिल की फिटिंग

विभिन्न प्रखंडों में बनाए गए क्लस्टरों में साइकिल पहुंचने के बाद विद्यार्थियों के लिए उसकी फिटिंग कराई जा रही है। फिटिंग के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है। इससे विद्यार्थियों को अपने घर से विद्यालय तक आने-जाने में सहूलियत होगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए यह योजना उपयोगी साबित हो रही है।

विभाग की ओर से वर्गवार लाभुक विद्यार्थियों का चयन किया गया है। साइकिल वितरण के माध्यम से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। योजना में छात्र और छात्राओं दोनों को शामिल किया गया है। संबंधित स्तर पर साइकिल वितरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।

लक्ष्य के अनुरूप आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को निश्शुल्क साइकिल प्रदान किया जा रहा है। साइकिल वितरण योजना में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित कंपनी को गुणवत्ता युक्त साइकिल देने के निर्देश दिए गए हैं।- देवानंद राम, प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी गढ़वा

यह भी पढ़ें- बालू नीलामी की बदली नीति, अब मात्र 12.97 लाख से भाग ले सकेंगे; पलामू में 18 घाट 30 सितंबर को लगेगी बोली