मंईयां सम्मान योजना में फर्जीवाड़े का खुलासा, गढ़वा में 653 अपात्र महिलाओं के कटे नाम
गढ़वा जिले में मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के तहत भौतिक सत्यापन के बाद 653 अपात्र महिलाओं के नाम लाभार्थी सूची से हटा दिए गए हैं। यह कार्रवाई सुनिश ...और पढ़ें

मंईयां सम्मान योजना। फाइल फोटो
HighLights
गढ़वा में मईयां सम्मान योजना से 653 नाम हटाए गए।
भौतिक सत्यापन में अपात्र पाई गईं ये महिलाएं।
सरकारी कर्मचारी पति, आयकर दाता परिवार मुख्य कारण।
संदीप केसरी शौर्य, गढ़वा। मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के तहत जिले की 653 महिलाओं के नाम लाभुकों की सूची से हटा दिए गए हैं। विभिन्न प्रखंडों में कराए गए भौतिक सत्यापन के दौरान इन महिलाओं को योजना के लिए अयोग्य पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारियों ने उनके नाम सूची से हटाने की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक 204 लाभुकों के नाम केतार प्रखंड से हटाए गए हैं। वहीं कांडी प्रखंड में 70 महिलाओं को योजना के लाभ से वंचित किया गया है। रंका प्रखंड में 45, मझिआंव व धुरकी में 37, बरडीहा में 35, मेराल में 33, श्री बंशीधर नगर में 30, भंडरिया में 29, इसके अलावा अन्य प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में भी अयोग्य लाभुकों के नाम सूची से हटाए गए हैं।
अपात्र उठा रहे थे सरकारी योजना का लाभ
भौतिक सत्यापन के दौरान यह सामने आया कि कई महिलाओं के पति सरकारी शिक्षक, पुलिसकर्मी और पारा शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त कुछ महिलाओं के परिवार आयकर और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के दायरे में पाए गए।कई मामलों में लाभुकों की आय और सामाजिक स्थिति योजना की निर्धारित पात्रता शर्तों के अनुरूप नहीं पाई गई।
जांच में यह भी पता चला कि कुछ महिलाओं की आयु निर्धारित सीमा से अधिक थी। 50 वर्ष से अधिक आयु होने के कारण भी कई लाभुकों का नाम सूची से हटा दिया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि योजना का लाभ केवल पात्र महिलाओं को ही उपलब्ध कराया जाएगा। ताकि वास्तविक जरूरतमंदों तक योजना का लाभ पहुंचाया जा सके।
किस प्रखंड में कितने लाभुक
गढ़वा जिले में मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के कुल दो लाख 22 हजार 765 लाभुक है। जिनके बैंक खाते में राशि भेजी जा चुकी है। बरडीहा प्रखंड में 7502, बरगढ़ प्रखंड में 3478, भंडरिया में 6055, भवनाथपुर में 9398, विशुनपुरा में 6140, चिनियां में 5976, डंडा में 3683, डंडई में 12838, धुरकी में 9153, गढ़वा में 24919, गढ़वा नगर परिषद में 5073, कांडी में 17315, केतार में 8432, खरौंधी में 8023, मझिआंव नगर पंचायत में 2824, मझिआंव में 8470, मेराल में 25706, श्री बंशीधर नगर में 14920, श्री बंशीधर नगर पंचायत में 1615, रमकंडा में 7435, रमना में 13377, रंका में 15248, सगमा में 5185 लाभुक हैं।
खबरें और भी
भौतिक सत्यापन के दौरान जो लाभुक अयोग्य पाए गए हैं सिर्फ उनका ही नाम योजना से हटाया गया है। शेष सभी महिला लाभुकों को जुलाई माह तक की राशि उनके बैंक खाते में भेजी जा चुकी है। लाभुकों को इसका नियमित लाभ मिल रहा है। -पंकज कुमार गिरी, निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग गढ़वा