सांप को मारने के बाद कैंटीन में शांत बैठे रहे दया पांडेय, पलामू एक्सप्रेस आने पर हुई संदिग्ध मौत से सनसनी
श्री बंशीधर नगर रेलवे स्टेशन पर कैंटीन संचालक दया पांडेय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इससे पहले उन्होंने ...और पढ़ें

संदिग्ध मौत से सनसनी
HighLights
दया पांडेय की श्री बंशीधर नगर में संदिग्ध मौत।
मौत से पहले कैंटीन में सांप को मारा था।
पुलिस ने मामले की गहन छानबीन शुरू की।
संवाद सूत्र, श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। गढ़वा जिला अंतर्गत श्री बंशीधर नगर थाने के जासा गांव निवासी दया पांडेय की संदिग्ध परिस्थिति में गुरुवार की रात रेलवे स्टेशन स्थित कैंटीन में हो गई। दया नगर ऊंटारी (श्री बंशीधर नगर) रेलवे स्टेशन पर कैंटीन चलाते थे। वे अपने मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के लिए जाने जाते थे और रेल विभाग को काफी सहयोग करते थे।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को उनकी कैंटीन में एक सांप निकला था, जिसे उन्होंने कुछ साथियों के साथ मिलकर मार दिया था। रात्रि में वे अपनी कैंटीन में बैठे थे। जब रात करीब साढ़े ग्यारह बजे पलामू एक्सप्रेस का समय हुआ तो स्टेशन पर भीड़ बढ़ने लगी। कुछ यात्री सामान लेने के लिए उनकी कैंटीन पर पहुंचे, लेकिन दया पांडेय कुछ नहीं बोले और शांत बैठे रहे।
इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया
दोबारा आवाज देने पर भी जब उनकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो लोगों को शक हुआ। इसकी सूचना तत्काल स्टेशन कर्मियों को दी गई। जब कर्मियों ने कैंटीन के अंदर जाकर देखा, तो वे दंग रह गए।
आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद कर्मी उन्हें गढ़वा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया वहीं पूरे गांव में मातम पसर गया। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।
