गढ़वा में NH-39 पर मवेशियों से लदे पिकअप ने बुलेट सवार दो दोस्तों को कुचला; 19 मई को थी मनीष की शादी, अब घर से उठी अर्थी
गढ़वा में NH-39 पर खजुरी गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में बुलेट मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। मवेशियों से लदे पिकअप और मोटरसाइकिल की टक्कर ...और पढ़ें

गढ़वा NH-39 पर पिकअप-बुलेट टक्कर में दो युवकों की मौत।
HighLights
गढ़वा NH-39 पर भीषण सड़क हादसा हुआ।
बुलेट सवार दो युवकों की मौके पर मौत।
पिकअप और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर।
संवाद सूत्र, गढ़वा। एनएच-39 गढ़वा-मुड़ीसेमर मार्ग पर गढ़वा थाना क्षेत्र के खजुरी गांव के पास बुधवार की रात करीब दो बजे हुए भीषण सड़क हादसे में बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना मवेशियों से लदे एक पिकअप वाहन और बुलेट मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक मोटरसाइकिल से उछलकर दूर जा गिरे और मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों की पहचान रमना थाना क्षेत्र के हरादाग गांव निवासी शुकुल राम के पुत्र विशाल कुमार (18 वर्ष) तथा मेराल थाना क्षेत्र के छवनवां टोला निवासी उदय कांत राम के पुत्र मनीष कुमार (25 वर्ष) के रूप में की गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों युवक मेराल में अपने रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। तिलक समारोह समाप्त होने के बाद दोनों एक रिश्तेदार को गढ़वा रेलवे स्टेशन छोड़कर मोटरसाइकिल से वापस मेराल लौट रहे थे।
इसी दौरान खजुरी गांव के पास मवेशियों से लदे पिकअप वाहन से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
इस दर्दनाक हादसे से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। बताया जाता है कि मनीष कुमार की शादी अगले महीने 19 मई को तय थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन अचानक हुए हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। वहीं विशाल कुमार अपने परिवार का इकलौता बेटा था, जिससे स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
खबरें और भी
स्थानीय लोगों में गुस्सा देखा गया, उनका कहना था कि आए दिन हादसे के बाद भी स्पीड पर कोई रोक नहीं है। कुछ ग्रामीण खुलेआम मवेशी तस्करी का आरोप भी लगा रहे थे। आज के हादसे की वजह भी इसको ही बता रहे थे।