गढ़वा में प्रधानाध्यापक के तबादले पर छात्रों का हिंसक प्रदर्शन, 7 घंटे सड़क जाम और तोड़फोड़; पुलिस पर पथराव
कांडी में प्रधानाध्यापक के तबादले के विरोध में छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया, जिससे कांडी-भवनाथपुर मुख्य मार्ग सात घंटे तक ...और पढ़ें
HighLights
प्रधानाध्यापक के तबादले के विरोध में छात्रों का उग्र प्रदर्शन।
कांडी-भवनाथपुर मुख्य मार्ग सात घंटे तक रहा जाम।
पथराव में पुलिसकर्मी घायल, तोड़फोड़ के बाद मामला शांत।
संवाद सूत्र, कांडी (गढ़वा)। कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, कांडी के प्रधानाध्यापक मलय कुमार सिंह के प्रतिनियोजन के विरोध में गुरुवार को छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया।
छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए कांडी-भवनाथपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। इस दौरान नारेबाजी, तोड़फोड़ और पथराव की घटनाओं से क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
जानकारी के अनुसार, प्रधानाध्यापक मलय कुमार सिंह का 12 अगस्त को डंडई प्रखंड के लवाही कला उच्च विद्यालय में प्रतिनियोजन किया गया था। इसके विरोध में गुरुवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़क पर उतर आए। हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर छात्रों ने जोरदार नारेबाजी की और प्रतिनियोजन वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान मीडिया हाउस में तोड़फोड़ का आरोप
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने एक स्थानीय मीडिया हाउस में कथित तौर पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यालय में रखी कुर्सी, टेबल, पंखे सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद मीडिया हाउस में आग लगाए जाने का भी आरोप है।
घटना के दौरान कांडी, हरिहरपुर और बरडीहा थाना की पुलिस मौके पर मौजूद थी। हालांकि, आरोप है कि पुलिसकर्मी स्थिति को तत्काल नियंत्रित नहीं कर सके।
पथराव में थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल
प्रदर्शन के दौरान हुई पत्थरबाजी में कांडी थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। घायल पुलिसकर्मियों में मोहम्मद अशफाक आलम भी शामिल बताए गए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने प्रखंड प्रमुख सतेन्द्र पांडेय के वाहन पर भी हमला कर दिया, जिससे वाहन का शीशा टूट गया। इसके अलावा मनरेगा के कनीय अभियंता देवकुमार सिंह के साथ मारपीट किए जाने और आधार कार्ड बनाने वाले कार्यालय में तोड़फोड़ की भी सूचना है।
सात घंटे तक जाम रहा मुख्य मार्ग
छात्रों के प्रदर्शन के कारण कांडी-भवनाथपुर मुख्य सड़क करीब सात घंटे तक पूरी तरह जाम रही। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आवागमन बाधित होने से राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अवर निरीक्षक ब्रिज कुमार, गढ़वा के एसडीपीओ दिलु लोहारा और प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।
प्रधानाध्यापक की कांडी में दोबारा पदस्थापना के बाद शांत हुआ मामला
बताया जा रहा है कि छात्रों के लगातार विरोध को देखते हुए प्रधानाध्यापक मलय कुमार सिंह की पुनः कांडी में पदस्थापना कर दी गई। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और स्थिति सामान्य हुई।
घटना के बाद उठे कई सवाल
घटना के बाद शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयों में कथित राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि छात्रों को उकसाकर प्रदर्शन कराया गया। उनका कहना है कि शिक्षा के केंद्रों को राजनीति का अखाड़ा बनने से रोकने की जरूरत है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कांडी में इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है। लोग तोड़फोड़, आगजनी, पथराव और मारपीट की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।