गढ़वा में लूट की साजिश नाकाम, लोडेड देसी कट्टा व कारतूस के साथ दो अपराधी गिरफ्तार
गढ़वा में रेलवे स्टेशन रोड के पास दो शातिर अपराधी देसी कट्टा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किए गए। ये ...और पढ़ें

गढ़वा में दो शातिर अपराधी देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार। जागरण
HighLights
गढ़वा में दो शातिर अपराधी देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार।
रेलवे स्टेशन रोड पर लूट की बड़ी वारदात टली।
संवाद सहयोगी, गढ़वा। गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़वा टाउन रेलवे स्टेशन रोड स्थित आम बगान के पास शुक्रवार की रात किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से घूम रहे दो शातिर अपराधियों को गढ़वा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अपराधियों के पास से पुलिस ने एक लोड किया हुआ देसी कट्टा तथा दो कारतूस बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के दुबे मरहटिया निवासी सियाराम शरण मिश्रा उर्फ चिंटू मिश्रा (23 वर्ष, पिता विजय मिश्रा) तथा गढ़वा शहर के रंका मोड़, रांकी मोहल्ला निवासी संदीप कुमार सिंह (23 वर्ष, पिता राजेंद्र सिंह) के रूप में हुई है। पुलिस ने शनिवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, गढ़वा थाना पुलिस को शुक्रवार की रात गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के स्टेशन रोड आम बगान के समीप चिंटू मिश्रा अपने एक साथी के साथ अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और दोनों मिलकर किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
सूचना का सत्यापन व त्वरित कार्रवाई करते हुए गढ़वा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी ने एक विशेष छापामारी दल का गठन किया। इस दल में पुलिस अवर निरीक्षक आदित्य कुमार नायक, पुलिस अवर निरीक्षक रंजन कुमार साह, सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु सिंह, सहायक अवर निरीक्षक विनय कुमार पांडेय तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस टीम ने शुक्रवार की रात लगभग 9:20 बजे स्टेशन रोड स्थित आम बगान के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे दोनों संदिग्धों को पुलिस बल ने चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
मौके पर एएसआई अभिमन्यु सिंह, एसआई रंजन कुमार साह एवं थाना के चौकीदार द्वारा की गई तलाशी में सियाराम शरण मिश्रा उर्फ चिंटू मिश्रा की कमर से अवैध लोडेड देसी कट्टा बरामद किया गया। वहीं दूसरे आरोपी संदीप कुमार सिंह की जेब से भी अवैध एक कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस की पूछताछ करने पर दोनों अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों से पैसा लूटने की नीयत से वहां इकट्ठा हुए थे। पुलिस ने इस मामले में पुलिस अवर निरीक्षक आदित्य कुमार नायक के बयान पर गढ़वा थाना में कांड संख्या 524/2026 पर धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज करते हुए उन्हें शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
