विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गढ़वा में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 शातिर अपराधी गिरफ्तार; चोरी का ट्रैक्टर और 3 बाइक बरामद

Published: Fri, 04 Sep 2026 09:47 PM (IST)

गढ़वा पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ...और पढ़ें

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश

HighLights

  1. गढ़वा पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया।

  2. तीन शातिर अपराधी गिरफ्तार, चोरी का ट्रैक्टर और तीन बाइक बरामद।

  3. बिहार के रोहतास से एक अपराधी पकड़ा, अन्य की तलाश जारी।

संवाद सहयोगी, गढ़वा। गढ़वा थाना क्षेत्र के बेलचंपा में सड़क किनारे खड़ी महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी के मामले में गढ़वा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का ट्रैक्टर, बिना नंबर प्लेट की तीन मोटरसाइकिलें और एंड्रायड मोबाइल बरामद किया है। इसकी जानकारी एसडीपीओ दिलू लोहार ने शुक्रवार को गढ़वा थाना में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

दुकान के बाहर से उड़ाई थी ट्रैक्टर

एसडीपीओ ने बताया कि गढ़वा थाना क्षेत्र के हूर गांव निवासी राजीव रंजन तिवारी की छड़-सीमेंट की दुकान बेलचंपा में अवस्थित है। गत दो सितंबर को अज्ञात चोरों ने दुकान के पास रोड किनारे से उनकी महिंद्रा ट्रैक्टर (संख्या जेएच 14 के 6114) चोरी कर ली थी। 

पीड़ित की शिकायत पर गढ़वा थाना में धारा 303(2) बीएनएस के तहत कांड संख्या 569/26 दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गढ़वा पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

सासाराम के ताराचंडी मंदिर पार्किंग से मिला ट्रैक्टर

विशेष छापेमारी दल ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं को खंगालते हुए बिहार के जिला रोहतास के एसपी और दरिगांव थाना पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया। संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बिहार के रोहतास स्थित ताराचंडी मंदिर सासाराम की पार्किंग में दबिश देकर चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया। मौके से रोहतास जिले के मुफस्सिल सासाराम थाना क्षेत्र के पचास्वा गांव निवासी 27 वर्षीय रोहित कुमार (पिता कृष्णा नटराज) को धर दबोचा गया।

पूछताछ में उगले राज तो हुसैनाबाद तक पहुंची पुलिस

ट्रैक्टर चोरी के मामले में रोहतास पुलिस के सहयोग से हत्थे चढ़े शातिर अपराधी रोहित कुमार ने पुलिस की पूछताछ के दौरान गढ़वा के मोटरसाइकिल चोरों के सारे राज उगल दिए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र के अटौला गांव में दबिश दी। 

इस छापेमारी में पुलिस ने चोरी की बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं। वहीं, कड़ियों को जोड़ते हुए पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र से भी एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता पाई।

अटौला गांव से दबोचे गए दो और शातिर

रोहित की निशानदेही पर पुलिस ने अटौला गांव में वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त दो अन्य अपराधियों, 20 वर्षीय सचिन चौधरी (पिता गणेश चौधरी) और 26 वर्षीय महेश चौधरी (पिता सुमेर चौधरी) को गिरफ्तार कर लिया। बरामद मोटरसाइकिलों में एक स्पलेंडर, एक सुपर स्पलेंडर और एक अपाचे शामिल है। 

एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह में शामिल एक अन्य अपराधी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों का भी जल्द खुलासा होगा। 

छापेमारी दल में एसडीपीओ दिलू लोहार, गढ़वा थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी, मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक आदित्य कुमार नायक, अविनाश राज, सत्येंद्र कुमार भट्ट, सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु सिंह, विनय कुमार पांडेय, रघुवंश महतो एवं सशस्‍त्र बल के जवान शामिल थे।