विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बगोदर में भाजपा नेता की धारदार हथियार से हत्या, सर्विस रोड पर मिला शव; विरोध में जीटी रोड जाम

Published: Fri, 14 Aug 2026 06:21 PM (IST)

बगोदर के हेसला ओवर ब्रिज के पास भाजपा नेता मिथिलेश यादव की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, उनका शव सर्विस रोड पर मिला।

भाजपा नेता मिथिलेश यादव की हत्या के विरोध में शव के साथ जीटी रोड जाम कर बैठे स्वजन और समर्थक। (फोटो जागरण)

भाजपा नेता मिथिलेश यादव की हत्या के विरोध में शव के साथ जीटी रोड जाम कर बैठे स्वजन और समर्थक। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. भाजपा नेता मिथिलेश यादव की धारदार हथियार से हत्या।

  2. शव हेसला ओवर ब्रिज के पास सर्विस रोड पर मिला।

  3. आक्रोशित लोगों ने जीटी रोड जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

संवाद सहयोगी, बगोदर/गिरिडीह। बगोदर थाना क्षेत्र के हेसला ओवर ब्रिज के पास अपराधियों ने भाजपा नेता मिथिलेश यादव की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना शुक्रवार अल सुबह करीब तीन बजे की है। उनका शव हेसला में सर्विस रोड में पड़ा हुआ था।

मृतक 35 वर्षीय मिथिलेश यादव बगोदर हेसला के रहने वाले थे। वह भाजपा के औंरा मंडल के मंत्री पद पर आसिन थे। वे हेसला ओवर ब्रिज के पास वाशिंग सेंटर चलाते थे। घटना स्थल पर स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। महिलाओं का क्रंदन थम नहीं रहा था।

घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोगों की घटनास्थल पर काफी भीड़ जमा हो गई। लोग काफी आक्रोशित थे। आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग दिल्ली-कोलकता को जोडने वाले जीटी रोड को पास जाम कर दिया।

प्रदर्शनकारी आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर बगोदर सरिया एसडीपीओ धनंजय कुमार राम, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान,बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार समेत डुमरी,निमियांघाट व सरिया थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे।

बगोदर के भाजपा विधायक नागेंद्र महतो,पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह, जिप उपाध्यक्ष छोटेलाल यादव घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
रोड जाम कर रहे लोगों को बगोदर एसडीपीओ ने समझा बुझाकर जाम को हटवाया। जीटी रोड दो घंटा जाम रहा।

घटना की जांच के लिए गिरिडीह से तकनीकी टीम ,फिंगर प्रिंट की टीम व हजारीबाग से खोजी कुत्ता मंगवाया गया। आवश्यक जांच के बाद शुक्रवार की दोपहर को बगोदर पुलिस ने घटनास्थल से शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतक के माथे पर गंभीर चोट के निशान थे और उनकी बाइक भी अपराधियों ने क्षतिग्रस्त कर दी थी। भाजपा नेता का शव उनके वाशिंग सेंटर के विपरीत दिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग 19 के सर्विस रोड में पड़ा था।

अपराधियों ने युवक की हत्या कर उसे दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया था।बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने पुलिस प्रशासन से घटना का खुलासा कर अपराधियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने की मांग की।

उन्होने कहा है कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपराधियों के मन में कानून का कोई भय नहीं रह गया है और आए दिन हत्या, लूट, अन्य आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं।

सरकार और प्रशासन अपराध पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। मिथिलेश यादव पार्टी के सच्चे और समर्पित सिपाही थे। उनके निधन से हम सभी बेहद दुखी हैं। इस दुःख की घड़ी में वे उनके शोकाकुल स्वजन के साथ मजबूती से खड़े हैं।

बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि हत्या का मामला का खुलासा प्रशासन तत्काल करे। मौके पर इस दौरान जीप सदस्य दुर्गेश कुमार, प्रमुख आशा राज,उप प्रमुख हरेंद्र सिंह, झामुमो नेता शत्रुधन मंडल,सांसद प्रतिनिधि महेश मिश्रा,अमजद खान,मुखिया रामचंद्र यादव, सरिता साव,जितेंद्र महतो समेत बड़ीं संख्या लोग घटनास्थल पर पहुचे।

बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने बताया कि मिथिलेश यादव नामक युवक का शव बरामद किया गया है। मामले की जांच पुलिस गंभीरता से कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।