यूजीसी के नए एक्ट का बढ़ता जा रहा विरोध, गिरिडीह में भाजपा नेता बबलू भारद्वाज का इस्तीफा
UGC Act Protest: भाजपा सदस्य बबलू भारद्वाज ने यूजीसी एक्ट के विरोध में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे में कहा ...और पढ़ें

यूजीसी एक्ट के विरोध में भाजपा नेता बबलू भारद्वाज ने दिया इस्तीफा।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। भाजपा के सदस्य सह सक्रिय कार्यकर्ता बबलू भारद्वाज ने यूजीसी एक्ट से आहत होकर इसका विरोध करते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष को भेजा है।
अपने इस्तीफा पत्र में कहा है कि यूजीसी एक्ट से दुख व पीड़ा हुई है जिससे इस एक्ट के विरोध में यह कदम उठाना पड़ा है। यूजीसी एक्ट के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में जिस प्रकार का केंद्रीकरण किया जा रहा है, वह विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, शिक्षकों की स्वतंत्रता व छात्रों के भविष्य के लिए अत्यंत चिंताजनक है।
यह अधिनियम विशेष रूप से सवर्ण समाज के छात्रों व मध्यम वर्गीय परिवारों के हितों के विरुद्ध है, जिन्हें शिक्षा के क्षेत्र में गंभीर नुकसान उठाना पड़ेगा। कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक व समाज के प्रति उत्तरदायी व्यक्ति होने के नाते ऐसे किसी भी कानून का समर्थन नहीं कर सकता जो शिक्षा को कमजोर करे व युवाओं के भविष्य के साथ समझौता करे।
अपनी बात संगठन के भीतर रखने के बाद भी जब कोई सकारात्मक संवाद नहीं हुआ तो नैतिकता के आधार पर यह निर्णय लेना उनके लिए लेना आवश्यक हो गया। दावा किया कि यूजीसी एक्ट के विरोध में सवर्ण समाज अब भाजपा को समर्थन नहीं देगा।
भविष्य में भी शिक्षा, छात्र हित व सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने का काम वे करते रहेंगे। अपना इस्तीफा पत्र की प्रतिलिपि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी दिया है।