यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 20, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand News: गिरिडीह में हाथियों का उत्पात, दादा-पोता को कुचल कर मार डाला; दहशत में कई गांव के ग्रामीण
झारखंड के गिरिडीह में हाथियों के झुंड जमकर उत्पात मचा रहा है। हाथियों के उत्पात से कई गांव के ग्रामीण दहशत में जी रहे हैं। वहीं रविवार रात हाथियों ने ...और पढ़ें

HighLights
- दो दर्जन हाथी बांकीकला पंचायत में घुस गए हैं।
- हाथियों ने माथासेर, बांकीखुर्द, बाघाडीह, बभनडीहा में रात भर उत्पात मचाया
संवाद सहयोगी, अहिल्यापुर(गिरिडीह)। गिरिडीह के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र स्थित गांवों में हाथियों के झुंड कहर बरपा रहा है। रविवार देर रात से कहर बरपा रहे हाथियों ने दो लोगों की जान भी ले ली है। मृतकों में दादा-पोता शामिल हैं। दोनों कोरियाद गांव के रहने वाले थे।
कोरियाद गांव में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे हाथियों ने एक अधेड़ और एक किशोर को कुचल दिया। इससे दोनों लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 55 वर्षीय जनाउल अंसारी और उनका 10 वर्षीय पोता शामिल है।
बता दें कि रविवार देर रात करीब दो दर्जन हाथियों के झुंड बांकीकला पंचायत में घुस गए हैं। इस क्रम में हाथियों ने माथासेर, बांकीखुर्द, बाघाडीह, बभनडीहा आदि गांवों में रात भर उत्पात मचाया है।
सूचना के बाद भी वन विभाग के कर्मियों के नहीं पहुंचने का आरोप
वहीं, खेतों में लगी धान व अन्य फसलों को भी रौंद दिया, जबकि एक व्यक्ति के घर की चहारदीवारी को भी ध्वस्त कर दिया। हाथियों के आने की सूचना ग्रामीणों ने रात में ही वन विभाग के अधिकारियों को दी थी, लेकिन वन विभाग से कोई नहीं पहुंचा। ग्रामीण रात भर जागकर हाथियों को खदेड़ने में जुटे रहे।
अल सुबह हाथियों को नारायणपुर थाना क्षेत्र की ओर खदेड़ दिया गया। वहां से वन विभाग और ग्रामीणों ने हाथियों को खदेड़ा। इससे हाथी एक बार फिर अहिल्यापुर क्षेत्र में प्रवेश कर गए। यहां कोरियाद में उत्पाद मचाते हुए दो लोगों की जान ले ली। हाथियों के आने से ग्रामीणों में दहशत है।
यह भी पढ़ें: Jharkhand News: मैं बैंक अधिकारी, आपका ATM कार्ड..., फ्रॉड के नायाब तरीके का पर्दाफाश; आधा दर्जन दबोचे गए
यह भी पढ़ें: Jharkhand News: सनकी आशिक ने होने वाले सास-ससुर पर किया तलवार से हमला, शादी के लिए था बेताब; पिता की मौत