विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में ट्रिपल मर्डर: पिता ने 3 बेटियों की गला रेता, गिरिडीह पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Published: Mon, 08 Jun 2026 12:04 PM (IST)

झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित तुरुकडीहा गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।

HighLights

  1. पिता ने तीन मासूम बेटियों की गला रेतकर की हत्या

  2. हत्या की वजह तलाशने में जुटी मुफस्सिल थाना पुलिस

  3. हत्यारा पिता नंदकिशोर यादव गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र की मोहनपुर पंचायत के तुरुकडीहा गांव में एक पिता की दिल दहलाने वाली हैवानियत भरी  वारदात सामने आई। सोमवार सुबह एक पिता ने अपनी ही तीन मासूम बेटियों की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। 

इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस ने हत्यारा पिता नंदकिशोर को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या 

बताया गया कि आरोपित नंदकिशोर यादव से पुलिस पूछताछ कर रही है। उसने अपनी तीन बेटियों पलवी कुमारी (12 वर्ष) और उसकी दो छोटी बहन रिद्धि कुमारी  सिद्धि कुमारी  की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना देर रात की बताई जा रही है, जबकि सोमवार सुबह मामला सामने आने के बाद गांव में कोहराम मच गया।

हत्या से दहल उठा गांव

घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए। मासूम बच्चियों की हत्या की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। लोगों में आरोपित पिता के प्रति भारी आक्रोश देखा गया।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने तीनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं आरोपित पिता नंदकिशोर यादव को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है।

सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक विवाद, मानसिक स्थिति समेत सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपित से पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

सवालों के घेरे में पिता की दरिंदगी

जिस पिता के कंधों पर बेटियों की सुरक्षा और बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी होती है, उसी पिता द्वारा अपनी तीन मासूम बेटियों की हत्या किए जाने की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल है,आखिर एक पिता इतना निर्दयी कैसे हो सकता है?