गिरिडीह में गजराज का कहर: जंगली हाथी ने युवक को कुचला, दो दिन में दूसरी मौत
Giridih के सरिया में झुंड से बिछड़े एक जंगली हाथी ने 25 वर्षीय युवक कौसर अंसारी को कुचलकर मार डाला, जिससे गांव में मातम छा गया है। यह दो दिनों में हाथ ...और पढ़ें

गिरिडीह में हाथी के हमले में युवक की मौत। (प्रतीकात्मक फोटो)
संवाद सहयोगी, जागरण, सरिया (गिरिडीह)। झारखंड के गिरिडीह जिले के सरिया में झुंड से बिछड़े एक जंगली हाथी ने दो दिनों में दो युवकों की जान ले ली। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। ताजा घटना सोमवार को सरिया थाना क्षेत्र के गड़िया गांव में हुई, जहां हाथी ने 25 वर्षीय युवक को कुचलकर मार डाला। इससे पहले शनिवार रात बागोडीह में 19 वर्षीय अनुराग यादव की भी हाथी के हमले में मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गड़िया गांव निवासी कौसर अंसारी (25 वर्ष), पिता स्व. शहजाद अंसारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कौसर सोमवार को घर से कुछ दूरी पर जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे जंगली हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमला इतना भीषण था कि उन्हें संभलने या बचने का मौका तक नहीं मिला। हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने हाथी के बढ़ते आतंक पर गहरा आक्रोश जताते हुए वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
स्थानीय मुखिया सुनीता देवी और समाजसेवी घनश्याम यादव ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार हाथियों का आगमन और हमले हो रहे हैं, जिसका खामियाजा किसानों और ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने वन विभाग से हाथी प्रभावित क्षेत्रों में समुचित सुरक्षा व्यवस्था करने, सोलर लाइट लगाने तथा ग्रामीणों के बीच टॉर्च और पटाखों का वितरण कराने की मांग की।