गिरिडीह में आदिवासी बच्चियों से सामूहिक दुष्कर्म: जांच तेज, बाबूलाल मरांडी ने सीएम पर साधा निशाना
Jharkhand News: गिरिडीह के पीरटांड़ में जतरा कार्यक्रम से लौट रही दो नाबालिग आदिवासी लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने झारखंड को झकझोर दिया है। ...और पढ़ें

अस्पताल के बाहर मौजूद पीरटांड़ के ग्रामीण।
HighLights
नेता प्रतिपक्ष ने महिला सुरक्षा पर दी तीखी प्रतिक्रिया।
पुलिस ने जांच टीम बनाई, आरोपियों की तलाश तेज।
संवाद सहयोगी, गिरिडीह। गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के हरलाडीह में रविवार रात जतरा कार्यक्रम से लौट रही दो नाबालिग आदिवासी लड़कियों से दुष्कर्म की घटना ने पूरे झारखंड को हिला दिया है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है, जबकि विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने इस घटना पर राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की है।
घटना का विवरण: सघन छापेमारी जारी
जानकारी के अनुसार, जतरा मेला में दो लड़कियां गांव के कुछ परिचितों के साथ गई थीं। मेला घूमते समय मध्य रात्रि में वे बिछड़ गईं और अपने एक परिचित युवक के साथ घर लौट रही थीं।
इसी दौरान 6-7 युवकों ने उन्हें घेर लिया। युवक की पिटाई कर उसे भगा दिया गया और दोनों लड़कियों को खेत की ओर ले जाकर दुष्कर्म किया गया।
सूचना मिलते ही डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार हरलाडीह पहुंचे और महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया। पीड़िताओं से घटना की जानकारी ली गई और युवक से भी पूछताछ की गई।
एसपी डॉ. विमल कुमार और एसडीपीओ ने मंगलवार को भी घटनास्थल का दौरा किया। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल ट्रेसिंग और डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़िताओं को मेडिकल जांच के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया है।
बाबूलाल मरांडी की तीखी प्रतिक्रिया
झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने इस घटना पर अपनी एक्स पोस्ट में राज्य सरकार पर तीखा हमला किया।
उन्होंने लिखा, "झारखंड के गिरिडीह जिला अंतर्गत पीरटांड़ थाना क्षेत्र में आदिवासी समाज की दो नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। झारखंड में बेटियों के साथ गलत हो रहा और मुख्यमंत्री जी शॉपिंग में व्यस्त हैं।
राज्य में नियम-कानून और वरीयता की धज्जियां उड़ाते हुए महिला को डीजीपी बनाया गया है, फिर भी महिला सुरक्षा की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।"
नेता प्रतिपक्ष ने आगे लिखा, "आदिवासियत को आप नहीं समझ पाएंगे। सोने का चम्मच लेकर पैदा होना, बड़े लोगों के बीच उठना-बैठना...राजशाही और दिखावटी-बनावटी दुनिया से बाहर आइए। जनता ने आपको सेवा के लिए चुना है...!"
मरांडी ने गिरिडीह पुलिस से तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय नेताओं को भी टैग किया है।
जेएमएम समर्थकों ने बाबूलाल के बयान को राजनीतिक करार दिया है। उन्हें ही इंटरनेट से जमीन पर आने की सलाह दी है। "पुलिस अपना काम कर रही है, आप मुख्यमंत्री पर मिथ्या आरोप मढ़ राजनीति चमका रहे। एक ने लिखा "मुहावरा तो सही लिखिए नेताजी।"
खबरें और भी
जांच टीम गठित कर आरोपियों की तलाश
गिरिडीह पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए जांच टीम गठित की है। एसपी विमल कुमार ने कहा कि आरोपियों की पहचान के लिए सभी संभव संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों से भी पूछताछ जारी है। पुलिस ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। यह घटना महिला सुरक्षा को लेकर राज्य में बढ़ती चिंताओं को रेखांकित करती है।
यह भी पढ़ें- गिरिडीह में दो नाबालिग आदिवासी लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म, जतरा मेले के बाद वारदात