गिरिडीह के होटल डिस्कवरी में छापेमारी, महिला-पुरुष को साथ देख दंग रह गई पुलिस; चार गिरफ्तार, संचालक फरार
गिरिडीह के धनवार स्थित होटल डिस्कवरी में पुलिस ने देह व्यापार के आरोप में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दो महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया गया ...और पढ़ें

होटल में छापेमारी करती गिरिडीह पुलिस। (फोटो जागरण)
HighLights
धनवार के होटल डिस्कवरी में पुलिस की बड़ी छापेमारी।
देह व्यापार के आरोप में चार लोग गिरफ्तार, होटल सील।
पुलिस फरार होटल संचालक की तलाश में लगातार जुटी है।
संवाद सहयोगी, धनवार (गिरिडीह)। धनवार नगर पंचायत के बड़ा चौक स्थित होटल डिस्कवरी में मंगलवार को पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार के एक मामले का भंडाफोड़ किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो महिला और दो पुरुष को गिरफ्तार किया, जबकि होटल के मैनेजर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। देर शाम प्रशासन ने होटल को विधिवत सील कर दिया।
खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार व पुलिस बल ने गुप्त सूचना के आधार पर होटल डिस्कवरी में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान होटल के विभिन्न कमरों की तलाशी ली गई, जहां से दो महिला व दो पुरुष को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से अनैतिक गतिविधियों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।
छापेमारी के बाद होटल के मैनेजर प्रदीप साहू को पूछताछ के लिए धनवार थाना लाया गया। जबकि पुलिस संचालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने अंचल निरीक्षक अभिषेक कुमार को दंडाधिकारी नियुक्त किया।
उनकी मौजूदगी में देर शाम करीब आठ बजे होटल डिस्कवरी को सील कर दिया गया।
एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में होटल में अनैतिक गतिविधियों के संचालन की पुष्टि हुई है।
उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है तथा फरार होटल संचालक को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध व अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
छापेमारी के दौरान धनवार बीडीओ देवेंद्र कुमार दास, धनवार थाना की पुलिस टीम तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।