Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Giridih Love Story: आधी रात में प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा प्रेमी, लड़की के पिता ने डकैत समझ मारी गोली

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 05:10 PM (IST)

    Giridih Love Affair Shooting: गिरिडीह के बिरनी में प्रेम प्रसंग के विवाद में लड़की के पिता ने प्रेमी को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने पिता और भाई ...और पढ़ें

    घायल नीरज कुमार शर्मा। (फोटो जागरण)

    घायल नीरज कुमार शर्मा। (फोटो जागरण)

    HighLights

    1. बिरनी में प्रेम प्रसंग विवाद में प्रेमी को गोली मारी।

    2. लड़की के पिता और भाई को पुलिस ने हिरासत में लिया।

    3. घायल प्रेमी का रांची रिम्स में इलाज जारी है।

    संवाद सहयोगी, बिरनी (गिरिडीह)। Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के मंझिलाडीह-सरंडा गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में लड़की के पिता द्वारा उसके प्रेमी को गोली मारकर घायल कर देने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने लड़की के पिता और उसके भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

    घटना को लेकर लड़की के पिता ग्रामीण चिकित्सक डॉ. उमेश प्रसाद कुशवाहा और घायल युवक 22 वर्षीय नीरज कुमार शर्मा अलग-अलग दावे कर रहे हैं। लड़की के पिता का कहना है कि युवक उसके घर डाका डालने पहुंचा था। वहीं युवक का कहना है कि आरोपित की पुत्री से उसका पिछले दो साल से प्रेम चल रहा है।

    पुलिस के अनुसार, घटना रविवार देर रात करीब 12 बजे की है। सूचना मिलने पर भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय मौके पर पहुंचे और घायल नीरज को चिकित्सक के घर से बरामद कर तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल(SNMMCH)  रेफर किया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची भेज दिया गया। 

    लड़की के पिता और भाई पुलिस हिरासत में 

    पुलिस ने सोमवार सुबह घटनास्थल की जांच की और डॉ. उमेश प्रसाद कुशवाहा तथा उनके पुत्र को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से कुछ साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई होगी।

    खबरें और भी

    घायल युवक ने वीडियो जारी कर बताई प्रेम कहानी 

    लड़की के पिता डॉ. उमेश प्रसाद कुशवाहा का कहना है कि नीरज देर रात उनके घर में घुस आया था और डकैती की नीयत से आया था। संदेह होने पर उन्होंने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चलाई। वहीं, इलाजरत नीरज ने अस्पताल से जारी एक वीडियो में दावा किया है कि उसका डॉ. उमेश के परिवार से वर्षों से परिचय था और चिकित्सक की बेटी से उसका पिछले दो-तीन वर्षों से प्रेम संबंध था।

    उसने आरोप लगाया कि युवती के बुलाने पर वह घर गया था, जहां दोनों को साथ देखकर चिकित्सक ने साजिश के तहत उसे गोली मार दी। उसने चोरी या डकैती के आरोपों को निराधार बताया है। गोली युवक के बाएं हाथ में लगी है। चर्चा है कि लड़की के भाई से युवक की गहरी दोस्ती थी। इसी दौरान युवक उसकी बहन से प्रेम करने लगा। 

    सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही पुलिस 

    घायल युवक के परिजनों ने भी प्रेम प्रसंग की बात कहते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि नीरज और चिकित्सक के पुत्र के बीच गहरी दोस्ती थी और दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। ऐसे में डकैती का आरोप विश्वसनीय नहीं लगता। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज समेत सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।