गिरिडीह के युवक की सूरत में हत्या: मां ने बहू पर लगाया साजिश का गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
Giridih की एक वृद्ध महिला ने अपनी बहू पर सूरत में बेटे की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। बहू पर अवैध संबंध और घर से जेवर व कागजात चोरी करने का ...और पढ़ें

सचिन की हत्या की सूचना पर गुरहा में जुटी लोगों की भीड़ और पुलिस। (फोटो: जागरण)
HighLights
वृद्ध मां ने बहू पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया।
बहू पर अवैध संबंध और जेवर चोरी का भी आरोप।
सूरत पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, जागरण, बिरनी (गिरिडीह)। झारखंड के गिरिडीह जिले के गुरहा निवासी सचिन कुमार वर्मा ने गुजरात के सूरत जिले में कथित रूप से आत्महत्या कर ली। मामले में मृतक की मां की शिकायत के बाद सूरत पुलिस ने सचिन के साथ रह रहे उमेश वर्मा और संदीप वर्मा को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, गिरिडीह पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
सास ने बहू पर लगाया पुत्र की हत्या का आरोप
गुरहा निवासी स्वर्गीय राजू महतो की वृद्ध पत्नी बुंदिया देवी ने अपने इकलौते पुत्र सचिन कुमार वर्मा की साजिश के तहत हत्या कराने तथा घर का सारा जेवरात, अन्य सामान और जमीन संबंधी कागजात चोरी कर ले जाने का आरोप अपनी ही बहू पर लगाते हुए भरकट्टा ओपी में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।
हत्या के पीछे अवैध संबंध की कहानी
आवेदन के आलोक में एसडीपीओ धनंजय राम और ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय मामले की जांच में जुटे हैं। आवेदन में कहा गया है कि बहू का गांव के ही युवक उमेश वर्मा से अवैध संबंध था। इसी संबंध के कारण बहू ने साजिश रचकर अपने पति की हत्या सूरत में कराई है।
सचिन दो माह पूर्व गया था सूरत
पुत्र कमाने के लिए दो माह पूर्व सूरत गया था। उसके सूरत जाते ही बहू लड़ाई-झगड़ा कर घर का सारा जेवरात, अन्य सामान और जमीन संबंधी कागजात लेकर अपने मायके चली गई। जाते समय उसने धमकी दी थी कि तुम्हें और तुम्हारे पुत्र को जान से मरवाकर फेंक देंगे। बहू का प्रेमी उमेश वर्मा और उसका सहयोगी संदीप वर्मा पुत्र के साथ सूरत में एक ही कमरे में रहते थे तथा साथ में काम भी करते थे।
खबरें और भी
नौ मई को घर के अंंदर मिला शव
आरोप है कि बहू के प्रेमी और उसके सहयोगी ने गत नौ मई की रात सूरत में बहू के इशारे पर पुत्र की हत्या कर दी। हत्या के साक्ष्य छिपाने के लिए पुत्र को फांसी पर लटका दिया गया। वृद्धा ने पुलिस पदाधिकारियों से घर का सामान और जमीन संबंधी कागजात बहू से वापस दिलाने तथा उसके खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
साक्ष्य मिलने पर गिरिडीह में होगी प्राथमिकी
एसडीपीओ ने कहा कि आवेदन मिला है और मामले की जांच की जा रही है। हत्या या आत्महत्या का मामला सूरत का है। वहां मामला दर्ज हुआ है। सूरत पुलिस ने मृतक सचिन के साथ रह रहे उमेश वर्मा और संदीप वर्मा को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। मृतक की पत्नी पर प्राथमिकी दर्ज करने के संबंध में जांच जारी है। साक्ष्य मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
प्रमुख रामू बैठा, उप प्रमुख शेखर शरण दास और माले नेता मुस्तकिम अंसारी ने पुलिस पदाधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मृतक इकलौता पुत्र था और घर का चिराग बुझ गया। अब वृद्ध मां और छोटे-छोटे बच्चों के पालन-पोषण की चिंता सताने लगी है। नेताओं ने मृतक के स्वजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।