गिरिडीह में बेकाबू ट्रक ने राहगीरों को रौंदा, पांच की मौत, कई घायल; मुआवजा की मांग लेकर जीटी रोड जाम
Giridih Road Accident: झारखंड के गिरिडीह जिले के निमियाघाट में शुक्रवार रात जीटी रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक अनियंत्रित ट्रक ने राहगीरों को रौंद ...और पढ़ें

भीषण हादसे के बाद सड़क पर जुटे लोगों की भीड़। ( फोटोः जागरण)
HighLights
गिरिडीह के निमियाघाट में भीषण सड़क दुर्घटना।
अनियंत्रित ट्रक ने पांच लोगों की जान ली।
कई लोग घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज।
संवाद सहयोगी, जागरण, निमियाघाट (गिरिडीह)। नई दिल्ली-कोलकाता (GT Road) फोरलेन पर झारखंड के गिरिडीह जिले में निमियाघाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक भीषण दुर्घटना हो गई। इसरी बाजार पुल के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने राहगीरों को रौंद दिया जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई एवं कई लोग घायल हो गए।

निमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी बाजार पुल के पास कोयला लदे अनियंत्रित ट्रक ने 13 वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं कई राहगीरों को भी रौंद डाला। इसमें चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला की इलाज के लिए ले जाने के दौरान जान चली गई। घटना में 12 से 15 लोगों के घायल होने की सूचना है। डीसी रामनिवास यादव ने घटना में चार लोगों के मौत की पुष्टि की है।
मृतकों में आफिसर कालोनी निवासी सुजीत कुमार, डुमरी नावाटांड़ निवासी कारी मोहम्मद इरशाद अंसारी, गिरिडीह का रंजीत कुमार और घुटवाली निवासी संतोष कुमार महतो शामिल है। वहीं हादसे में जख्मी महिला की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक गिरिडीह जिले के डुमरी के इसरी बाजार में हजारीबाग नंबर (JH 02BL 1853 H) का कोयला लदा बेकाबू ट्रक डुमरी की तरफ से इसरी बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह बेलगाम हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हत्यारा ट्रक डुमरी बस स्टैंड से लगभग एक किलोमीटर तक लोगों को रौंदते गया। इसके कारण कई अन्य लोग भी घायल हो गए।
खबरें और भी
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, खबर मिलते ही डीसी रामनिवास यादव, एसपी डा. बिमल कुमार समेत अन्य अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को इलाज के लिए डुमरी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। कई घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद धनबाद रेफर कर दिया गया। उधर, डुमरी रेफरल अस्पताल में शव आने के बाद कोहराम मच गया। मृतकों और घायलों के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था।
नशे में था ड्राइवर
अस्पताल में घटना के बाद पहुंचे जिले के डीसी रामनिवास यादव ने मीडिया के साथ बातचीत में हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि इस तरह की घटना पहली बार हुई। काफी दुखद हादसा है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रक ड्राइवर नशे में था, जिसके कारण अनियंत्रित वाहन को संभाल नहीं पाया। घटना में सात-आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई लोगों को धनबाद एसएनएमएमसीएच भेजा गया है।
वाहन को ठोकर मार भाग रहा था ट्रकः एसडीपीओ
डुमरी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुमित कुमार ने घटना के बारे में बताया कि इसरी बाजार में तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से लोगों की मौत हुई है, जबकि सात लोगों के जख्मी होने की जानकारी है। ट्रक और चालक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बताया कि चालक ने डुमरी के पास किसी वाहन को ठोकर मारा था, जहां से भागने के क्रम में इसरी बाजार में उसने पहले एक बाइक को ठोकर मारी, फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे के लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। पूरे मामले की जांच की जा रही है।।