राधा स्वामी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष, गांडेय की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी समेत चार गिरफ्तार; करोड़ों की ठगी का आरोप
गिरिडीह में राधास्वामी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा, उनकी पत्नी व पूर्व प्रत्याशी अनिशा सिन्हा समेत चार को करोड़ों ...और पढ़ें

ठगी के शिकार लोग पुलिस से शिकायत करते। (फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। लोगों को न्यूनतम पेमेंट व लुभावने ऑफर पर वाहन समेत आवास व अन्य योजना का लाभ लेने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने के मामले में राधास्वामी संगठन के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष समेत गांडेय की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सह उनकी पत्नी समेत चार को पचंबा थाना की पुलिस ने एक-एक कर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सह बनखंजो निवासी करीब 42 वर्षीय मुकेश सिन्हा उर्फ मुकेश कुमार सिन्हा और उनकी पत्नी सह संगठन की जिला प्रभारी सह मीडिया प्रभारी सह जागरूक जनता पार्टी की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी करीब 38 वर्षीय अनिशा सिन्हा शामिल हैं।
मुफस्सिल क्षेत्र के सिहोडीह निवासी संगठन का सक्रिय सदस्य सह मुकेश सिन्हा का साला करीब 27 वर्षीय सुमित सिन्हा उर्फ सुमित कुमार सिन्हा व संगठन का विजिलेंस अधिकारी सह अजीडीह निवासी करीब 59 वर्षीय जितेंद्र कुमार उर्फ सुबोध सिंह शामिल हैं।
आरोपितों की गिरफ्तारी के बाबत जानकारी पचंबा थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक द्वितीय आरके राणा ने दी। बताया कि उक्त लोगों के पास से टाटा सफारी संख्या जेएच 04 एए 3983 व टाटा टिगोर संख्या जेएच 04 जेड 2338 बरामद की गई है।
डीएसपी ने बताया कि पचंबा थाना क्षेत्र के नावाटांड़ निवासी पीड़ित अमजद अंसारी ने राधास्वामी संगठन के कर्मियों पर ठगी का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया था जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए कार्रवाई को लेकर छापेमारी शुरू की गई। इस क्रम में बनखंजो स्थित आवास से मुकेश सिन्हा को मंगलवार की शाम को गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद पूछताछ के क्रम में इस ठगी में शामिल रहने की बात सामने आने के बाद सुमित व अनिशा को बनखंजो से जबकि जितेंद्र सिंह को बोड़ो से छापेमारी करते हुए बुधवार की सुबह गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के क्रम में पुलिस के समक्ष चारों ने इस ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
प्रेसवार्ता के बाद चारों को सदर अस्पताल में चिकित्सीय जांच कराते हुए न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया जहां से न्यायालय के आदेश पर चारों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई। छापेमारी टीम में डीएसपी के अलावा इंस्पेक्टर ज्ञानरंजन, थानेदार राजीव कुमार, एएसआइ संजय कुमार समेत सुरजीत कुमार सिंह, अभिमन्यु कुमार सिंह, कविता सोरेन समेत अन्य शामिल थे।
आशा ने वर्ष 2024 में लड़ा था विधानसभा चुनाव
फर्जीवाड़ा व ठगी के मामले में पुलिस के हत्थे चढ़ी अनिशा सिन्हा र्वा 2024 के नवंबर माह में संपन्न हुई विधान सभा का चुनाव भी लड़ी थी। इस चुनाव में वह जागरूक जनता पार्टी की ओर से प्रत्याशी के रूप में गिरिडीह विधान सभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरी थी हालाकि उन्हें काफी कम मत मिला था और वह चुनाव हार गई थी।
पीड़ितों की भीड़ के कारण बुलानी पड़ी पुलिस
राधास्वामी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य की गिरफ्तारी की खबर चारों ओर फैलते देर नहीं लगी। इसकी जानकारी ठगी के शिकार हुए पीड़ितों को जैसे ही मिली, वैसे ही एक-एक कर पचंबा थाना पहुंचने का सिलसिला जारी हो गया।
यहां देखते ही देखते पीड़ितों की हुजूम उमड़ पड़ी और आक्रोश व्यक्त करते हुए पीड़ितों ने आरोपितों को सामने लाने व ठगी की गई रकम को वापस दिलाने की मांग करने लगे। इसके बाद पुलिस की टीम ने समझा-बुझाकर पीड़ितों को शांत कराते हुए थाना परिसर से बाहर कराया।
हांलाकि हंगामा बढ़ने व आरोपितों को न्यायालय भेजने के वक्त आक्रोशितों की ओर से होने वाली संभावित परेशानी से निबटने को लेकर एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बलों को पुलिस केंद्र से थाना बुला लिया गया जहां जवानों ने हर स्थिति से निबटने को मोर्चा संभाल लिया था लेकिन जेल भेजे जाने की जानकारी होते ही पीड़ित लोग वहां से किनारे निकल गए।
करोड़ों की है ठगी का आरोप
राधास्वामी संगठन के इन आरोपितों पर करोड़ों रूपये का फर्जीवाड़ा का आरोप लगाया गया है। इस मामले में ठगी व फर्जीवाड़ा के शिकार हुए लोगों में से 30 लोगों ने हस्ताक्षरयुक्त संयुक्त आवेदन भी दे रखा है जिसमें करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया गया है।
इसमें वाहन योजना, आवास योजना, कन्यादान योजना व फिक्स डिपाजिट योजना के तहत कईयों को अपने चतुरचाल के जाल में फासंते हुए ठगी करने में शामिल रहने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगा रखी है।
