विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पति की मौत के 17 दिन बाद पत्नी ने बच्चों संग खाया जहर, बेटी-बेटे की मौत; RIMS में जिंदगी की जंग लड़ रही महिला

Published: Sun, 31 May 2026 01:26 PM (IST)

Giridih Tragedy पति की मौत के 17 दिन बाद गिरिडीह में एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ जहर ...और पढ़ें

विषपान की घटना में मृत चंद्रपीत महतो की पुत्री प्रियंका कुमारी (फाइल फोटो)।

विषपान की घटना में मृत चंद्रपीत महतो की पुत्री प्रियंका कुमारी (फाइल फोटो)।

HighLights

  1. पति की मौत के 17 दिन बाद महिला ने जहर खाया।

  2. दो मासूम बच्चों की हुई दर्दनाक मौत, मां गंभीर।

  3. गिरिडीह के बगोदर में हुई हृदयविदारक घटना।

संवाद सहयोगी, बगोदर/गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के तुततुको गांव की एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पति की मौत के महज 17 दिन बाद एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ विषपान कर लिया। इस हृदयविदारक घटना में पहले बेटी और फिर बेटे की मौत हो गई, जबकि मां जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

जानकारी के अनुसार, महिला ने 27 मई को अपने 15 वर्षीय बेटी प्रियंका कुमारी और 10 वर्षीय बेटे प्रिंस कुमार के साथ विषपान कर लिया। जब इसकी भनक ग्रामीणों को लगी तो तीनों को तत्काल बगोदर ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

वहां इलाज के दौरान 28 मई को प्रियंका की मौत हो गई। इसके बाद गंभीर रूप से बीमार प्रिंस को रांची स्थित रिम्स भेजा गया, जहां शुक्रवार को उसने भी दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार देर शाम उसका शव गांव पहुंचा तो पूरे माहौल में मातम छा गया।

ग्रामीणों के अनुसार, महिला के पति चंद्रदीप महतो टंडवा की एक आउटसोर्सिंग कोल कंपनी में कार्यरत थे। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उनका इलाज चल रहा था, लेकिन 10 मई को उनकी मौत हो गई। पति के निधन के बाद महिला गहरे मानसिक आघात और तनाव में थी। बताया जाता है कि उसने डॉक्टरों को बताया था कि ग्लूकोज में सल्फास घोलकर पहले बच्चों को पिलाया और फिर स्वयं उसका सेवन कर लिया।

गांव में इस घटना को लेकर शोक और स्तब्धता का माहौल है। लोग यही सोचकर व्यथित हैं कि आखिर ऐसा कौन-सा दर्द था, जिसने एक मां को अपने बच्चों के साथ इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। पति को खोने का दुख, भविष्य की चिंता और मानसिक तनाव की आशंका इस त्रासदी के पीछे मानी जा रही है। फिलहाल महिला का इलाज रिम्स में चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।