Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गिरिडीह में वन महोत्सव में भरभराकर टूटा मंच, मंत्री समेत सभी नीचे गिरे, फिर कुर्सियां लगाकर आगे बढ़ा कार्यक्रम

    Updated: Sat, 01 Aug 2026 08:15 PM (GMT+05:30)

    गिरिडीह के कल्याणडीह में वन महोत्सव के दौरान मंच अचानक टूट गया, जिससे नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सहित अन्य अतिथि और अधिकारी गिर पड़े। ...और पढ़ें

    वन महोत्सव के दाैरान मंच टूटने के कारण गिरने के बाद संभलते झारखंड के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और अन्य। (फोटोः गुड्डन मुजतबा)

    वन महोत्सव के दाैरान मंच टूटने के कारण गिरने के बाद संभलते झारखंड के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और अन्य। (फोटोः गुड्डन मुजतबा)

    HighLights

    1. कल्याणडीह में वन महोत्सव का मंच अचानक टूटा।

    2. मंत्री सुदिव्य कुमार समेत सभी अतिथि सुरक्षित रहे।

    3. कार्यक्रम जारी रहा, पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया।

    जागरण संवाददाता, गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के कल्याणडीह में वन महोत्सव के दौरान बड़ा हादसा टल गया। शनिवार को आयोजित वन महोत्सव सह शिलान्यास कार्यक्रम में स्वागत समारोह के दौरान अचानक मंच टूटकर नीचे बैठ गया।

    मंच पर मौजूद झारखंड के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार, गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा, एसपी डॉ. बिमल कुमार, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ समेत अन्य अतिथि और पदाधिकारी मंच पर गिर पड़े। अचानक मंच के धंसते ही कुछ पल के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं लगी।

    दरअसल, अतिथियों के मंचासीन होने के बाद स्वागत का सिलसिला चल रहा था। वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी मंत्री सुदिव्य कुमार को पौधा देकर स्वागत करने पहुंचे ही थे कि अचानक मंच का एक हिस्सा टूट गया और मंच नीचे बैठ गया। मंच पर मौजूद सभी लोग अपना संतुलन खो बैठे, लेकिन किसी तरह खुद को संभाल लिया।

    हादसे के बाद भी कार्यक्रम नहीं रोका गया। तत्काल टूटे मंच पर कुर्सियों को व्यवस्थित किया गया। इसके बाद मंत्री समेत सभी अतिथि और पदाधिकारी दोबारा मंचासीन हुए और कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।

    जनता है जंगल के मालिक, वन विभाग चौकीदार : सुदिव्य

    मंत्री सुदिव्य ने कहा कि हमें जंगल के साथ-साथ खुद को भी समझने की जरूरत है। हमारे जीवन के अस्तित्व के लिए पेड़-पौधे कितने महत्वपूर्ण हैं, यह जानने की आवश्यकता है। जंगल के मालिक जनता है और वन विभाग चौकीदार।

    यदि मालिक नहीं चाहेंगे तो चौकीदार इसकी रक्षा नहीं कर सकता। जंगल आपकी संपत्ति है। इसे बचाने के लिए आपको आगे आना होगा। जंगल बचेगा तभी पर्यावरण का संरक्षण होगा। इस दौरान मंत्री ने हाथी से प्रभावित तीन लोगों को मुआवजा की राशि दी।

    खबरें और भी

    पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी तिवारी ने स्वागत भाषण में कहा कि इस वर्ष 60 लाख पौधे लगाए गए हैं। नगर वन को सीसीएल के सौजन्य से राक पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें अभी लगभग 35 प्रजातियों के पौधे लगे हैं। इस पार्क के बनने से आसपास के लोगों को काफी लाभ होगा।

    राक पार्क का शिलान्यास

    इसके पूर्व मंत्री ने नगर वन में बनने वाले राक पार्क का शिलान्यास किया। साथ ही नगर वन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मौके पर वन विभाग की ओर से लोगों के बीच पौधे का वितरण किया गया। समारोह में पहुंचे मंत्री और अन्य अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

    ये थे उपस्थित

    समारोह में पश्चिमी वन प्रमंडल पदाधिकारी अंकित कुमार, रेंजर एसके रवि, वार्ड पार्षद अनिल गुप्ता, तेलोडीह मुखिया शब्बीर आलम आदि उपस्थित थे।