विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रक्षाबंधन पर गिरिडीह की 4.57 लाख बहनों को Maiyan Samman Yojana का तोहफा, खातों में पहुंचे 114.35 करोड़ रुपये

Published: Fri, 28 Aug 2026 07:23 AM (IST)

Jharkhand Maiyan Samman Yojana: रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले गिरिडीह जिले की बहनों को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का तोहफा मिला है।

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना। (प्रतीकात्मक फोटो)

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. रक्षाबंधन पूर्व गिरिडीह की 4.57 लाख महिलाओं को सम्मान राशि मिली।

  2. मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत ₹114.35 करोड़ डीबीटी से भेजे गए।

  3. प्रत्येक लाभार्थी को ₹2,500 की वित्तीय सहायता अगस्त माह हेतु प्राप्त हुई।

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। Maiyan Samman Yojana रक्षाबंधन के पावन पर्व के पूर्व गिरिडीह जिले की बहनों को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत अगस्त माह की सम्मान राशि का उपहार मिला है। जिले की 4,57,400 महिलाओं के बैंक खाते में प्रति लाभुक ₹2,500 की दर से कुल ₹1,14,35,00,000 (114.35 करोड़ रुपये) की राशि आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से अंतरित की गई है।

गिरिडीह जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। जमुआ प्रखंड में सर्वाधिक 53,776 लाभुक महिलाओं को योजना का लाभ मिला है। धनवार में 47,819, डुमरी में 41,370 तथा गिरिडीह प्रखंड में 40,229 महिलाओं के बैंक खाते में सम्मान राशि अंतरित की गई है।

इसके अलावा बिरनी प्रखंड की 35,407, देवरी की 34,279, गांडेय की 32,503, बगोदर की 31,942 तथा बेंगाबाद की 28,805 महिलाओं को अगस्त माह की सम्मान राशि प्राप्त हुई है। गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में 27,741, सरिया में 25,518, गांवा में 21,350 तथा पीरटांड़ में 18,473 महिलाओं को योजना का लाभ दिया गया है।

इसके अतिरिक्त तिसरी प्रखंड की 13,582, सरिया नगर पंचायत की 2,457 तथा धनवार नगर पंचायत की 2,149 महिलाओं के बैंक खाता में भी निर्धारित सम्मान राशि अंतरित की गई है। इस प्रकार जिले के सभी संबंधित प्रखंडों व शहरी क्षेत्रों को मिलाकर कुल 4,57,400 लाभुक महिलाओं को अगस्त 2026 की सम्मान राशि का लाभ प्राप्त हुआ है।