Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गिरिडीह: प्रेम प्रसंग मामले में पंचायत के बाद युवक ने की आत्महत्या, गांव में पसरा मातम

    By Tribhuvan Kumar Edited By: Mritunjay Pathak
    Updated: Tue, 14 Apr 2026 02:19 PM (IST)

    Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के मामले में पंचायत के बाद युवक रणजीत सोरेन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली ...और पढ़ें

    रणजीत के शव के पास विलाप करते स्वजन।

    रणजीत के शव के पास विलाप करते स्वजन।

    HighLights

    1. प्रेम प्रसंग मामले में पंचायत के बाद युवक ने की आत्महत्या।

    2. पंचायत में युवक पर दबाव और जुर्माना लगाने की बात सामने आई।

    3. गिरिडीह के दुलिया करम गांव में आत्महत्या की चौथी घटना।

    संवाद सहयोगी, जागरण, तिसरी (गिरिडीह)। झारखंड के गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के दुलिया करम गांव में प्रेम प्रसंग के मामले में पंचायत के बाद सोमवार देर शाम युवक रणजीत सोरेन ने तनाव में आकर घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद स्वजन में मातम पसरा हुआ है।

    गांव में लड़का-लड़की के मामले को लेकर हुई पंचायत में लड़के पक्ष पर दबाव बनाने और जुर्माना लगाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, मृतक के स्वजन खुलकर किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं।

    सूत्रों के अनुसार, रणजीत का गांव की ही एक लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। लड़की के स्वजन ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। इसके बाद रणजीत ने लड़की की फोटो वायरल कर दी थी। उसने लिखा था कि उसका लड़की से प्रेम संबंध है और उससे कोई शादी न करे।

    इस मामले को गांव के लोगों ने गंभीरता से लिया और आदिवासी समाज की पंचायत बुलाई गई। पंचायत में युवक को डांट-फटकार लगाई गई। जुर्माना लगाने की बात भी सामने आ रही है।

    मृतक के पिता मंगरू सोरेन ने बताया कि लड़का-लड़की के मामले में पंचायत हुई, जिसमें उनका पक्ष हार गया। इसके बाद रणजीत घर आया। उस समय छोटा बेटा और बेटी पानी लाने गए हुए थे। इसी दौरान रणजीत ने घर में फांसी लगा ली।

    इस बीच, गांव के एक व्यक्ति ने पंचायत में हुई सच्चाई बताने की कोशिश की, लेकिन उसे बोलने नहीं दिया गया। मृतक की मां का पहले ही देहांत हो चुका है। घटना के बाद भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।

    खबरें और भी

    ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आत्महत्या की घटनाएं बढ़ रही हैं। पिछले दो महीनों के भीतर आदिवासी समाज के दो और मुस्लिम समाज के एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर जान दे दी है। रणजीत इस तरह की घटना का चौथा मामला है। गांव में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोग चिंतित हैं।

    घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है। क्षेत्र के चौकीदार की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि सूचना पुलिस तक क्यों नहीं पहुंच रही है। मामले को लेकर तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन वे व्यस्त बताए गए।