विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गिरिडीह में ईद मिलादुन्नबी पर घर की छत पर झंडा लगाने के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक, मौत

Published: Wed, 26 Aug 2026 09:02 PM (IST)

Giridih News: पहाड़ीडीह गांव में ईद मिलादुन्नबी के लिए मोहम्मदिया निशान लगाते समय एक युवक की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई।

पहाड़ीडीह गांव में ईद मिलादुन्नबी को लेकर घर की छत पर मोहम्मदिया निशान लगाता युवक। (एआइ फोटो)

पहाड़ीडीह गांव में ईद मिलादुन्नबी को लेकर घर की छत पर मोहम्मदिया निशान लगाता युवक। (एआइ फोटो)

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पहाड़ीडीह गांव में ईद मिलादुन्नबी को लेकर घर की छत पर मोहम्मदिया निशान यानी इस्लामी झंडा लगाने के क्रम में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।

मृतक करीब 19 वर्षीय शब्बीर अंसारी पहाड़ीडीह गांव का ही रहने वाला था। उसकी मौत से ईद मिलादुन्नबी का उत्साह और खुशी उसके घर में पल भर में मातम में बदल गई। वहीं, आसपास के लोगों के घरों में भी शोक व्याप्त हो गया।

युवक अपने घर की छत पर झंडा लगा रहा था। इसी क्रम में झंडा में लगा लोहे के रड उसके घर की छत के ऊपर से गुजरी हाई टेंशन तार में सट गया जिससे उसमें करंट दौड़ गया और करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से अचेत होकर छत पर ही गिर पड़ा। 
 
अचेतावस्था में स्वजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने जांचोपरांत मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही स्वजन समेत आसपास के लोग सदर अस्पताल पहुंचे। यहां स्वजन के क्रंदन व चीत्कार से लोगों की आंखें नम हो गईं।
 
शब्बीर की शादी करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी पत्नी फिलहाल गर्भवती है। युवक की मौत से स्वजन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि घर की छत के ऊपर से हाई वोल्टेज बिजली का तार गुजर रहा है, जिस कारण यह हादसा हुआ है।
 
आक्रोशित स्वजन व आसपास के लोगों ने घरों के ऊपर से गुजरे हाईं टेशन तारों को हटाने व अन्य जर्जर विद्युत तारों को दुरूस्त करते हुए सुरक्षा प्रदान करने की व्यवस्था की जाए। लोगों ने विद्युत विभाग से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है ताकि जानमाल की क्षति ना हो सके।