विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू नहीं रहे, गिरिडीह में देर रात आया हार्ट अटैक

Published: Sun, 06 Sep 2026 06:47 AM (IST)Updated: Sun, 06 Sep 2026 07:11 AM (IST)

झारखंड के कैबिनेट मंत्री और झामुमो नेता सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार देर रात गिरिडीह में हृदयाघात से निधन हो ...और पढ़ें

झारखंड में कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू नहीं रहे, गिरिडीह में देर रात आया हार्ट अटैक। फोटो- जागरण

झारखंड में कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू नहीं रहे, गिरिडीह में देर रात आया हार्ट अटैक। फोटो- जागरण

HighLights

  1. कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का हृदयाघात से निधन।

  2. गिरिडीह स्थित आवास पर बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत।

  3. झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर।

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। झारखंड में शनिवार देर रात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार में कैबिनेट मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के दिग्गज नेता सुदिव्य कुमार सोनू का हृदयाघात (हार्ट अटैक) से निधन हो गया।

बताया जा रहा है कि जब उनकी तबीयत बिगड़ी तब वह गिरिडीह स्थित अपने आवास पर ही थे। परिजन उन्हें तत्काल गिरिडीह के स्थानीय मर्सी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों के काफी प्रयासों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका।

मंत्री सुदिव्य की हालत काफी गंभीर हो गई थी, उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची नहीं ले जाया जा सका। घटना की जानकारी मिलते ही गिरिडीह प्रशासन के अधिकारी और मंत्री के समर्थक अस्पताल पहुंच गए थे। मंत्री के निधन की खबर से झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है।

गिरिडीह से चुने गए विधायक

सुदिव्य कुमार सोनू वर्तमान में गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। उन्होंने 2019 में पहली बार गिरिडीह सदर सीट से चुनाव जीता था। इसके बाद 2024 के विधानसभा चुनाव में दूसरी बार जीत दर्ज की और हेमंत सोरेन सरकार में कैबिनेट मंत्री बने।

उनके पास पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद,युवा कार्य विभाग के साथ नगर विकास और उच्च,तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी थी।

अस्पताल में जुट रहे समर्थक

मंत्री सोनू के निधन की खबर फैलते ही उनके समर्थक घर व अस्पताल में जुटने लगे हैं। उनके निधन को हेमंत सरकार सरकार के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। वे गिरिडीह से लगातार दूसरी बार विधायक बने थे। भारतीय जनता पार्टी के निर्भय शाहबादी को चुनावी शिकस्त देकर वे विधायक और फिर मंत्री बने थे।

बताया जाता है कि गांडेय विधानसभा सीट से सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को जीत दिलाने में मंत्री सोनू की अहम भूमिका थी। हाल में जेपीएससी, सीजीएल परीक्षा परिणाम में धांधली को लेकर हुए छात्र आंदोलन के दौरान सरकार और छात्रों के बीच बातचीत में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई थी।

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने दी श्रद्धांजलि

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने मंत्री सुदिव्य कुमार को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट के माध्यम से श्रद्धांजलि दी है।

पोस्ट में लिखा गया है कि कल तक जो साथी हमारे बीच थे, आज उनकी स्मृतियाँ ही हमारे साथ हैं। जीवन की अनिश्चितता हमें एक बार फिर गहरे दुःख और शोक में छोड़ गई है।

मोर्चा ने पोस्ट में यह भी लिखा है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्पित साथी एवं झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के असामयिक निधन से पूरा झामुमो परिवार स्तब्ध और मर्माहत है।

Sudivya Kumar

उनका जाना पार्टी, सरकार और झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके संघर्ष, सेवा और योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।

झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार एवं सभी साथियों को इस कठिन घड़ी में संबल दें। अंतिम जोहार।