विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुदिव्य कुमार सोनू का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, CM Hemant Soren ने दिया कंधा

Published: Sun, 06 Sep 2026 09:39 PM (IST)

Sudivya Kumar Sonu passes awayः झारखंड के उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का राजकीय सम्मान के साथ गिरिडीह में ...और पढ़ें

अंतिम यात्रा में सुदिव्य कुमार सोनू के पार्थिव शरीर को कंधा देते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और अन्य। (फोटो जागरण)

अंतिम यात्रा में सुदिव्य कुमार सोनू के पार्थिव शरीर को कंधा देते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और अन्य। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. गिरिडीह में राजकीय सम्मान के साथ हुआ मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का अंतिम संस्कार।

  2. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने दी श्रद्धांजलि।

  3. दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को उनके पुत्र हर्ष ने मुखाग्नि दी।

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। झारखंड के उच्च शिक्षा मंत्री व गिरिडीह के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू (Sudivya Kumar Sonu) का अंतिम संस्कार रविवार की शाम को राजकीय सम्मान के साथ उसरी नदी तट स्थित हरसिंगरायडीह श्मशान घाट पर किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) भी सोनू की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उनके पार्थिव शरीर को कंधा देकर श्मशान घाट तक पहुंचाया।

राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार तड़के करीब चार बजे गिरिडीह के मर्सी अस्पताल में निधन (Sudivya Kumar Sonu Death) हुआ। शनिवार रात करीब 12 बजे मंत्री को सीने में दर्द शुरू हुआ। तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें मर्सी अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचने से पूर्व रास्ते में उन्हें उल्टी हुई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया। लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि मंत्री को रात 2:15 बजे अस्पताल लाया गया।

इसके दो घंटे पूर्व ही उन्हें सीने में दर्द उठा था। अस्पताल लाने के पूर्व उन्हें उल्टी भी हुई थी, जो फेफड़े में चला गया था। इससे उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। उनकी सांस की नली को साफ किया गया।

ईसीजी जांच से उन्हें हार्ट अटैक आने की पुष्टि हुई। फिर सीपीआर शुरू किया गया। उन्हें ठीक करने की सारी प्रक्रिया की जा रही थी, लेकिन मंत्री को बचाया नहीं जा सका। मंत्री के निधन की खबर सुनते ही गिरिडीह सहित पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई।

राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडेय, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो, धनबाद सांसद ढुलू महतो, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, टुंडी विधायक मथुरा महतो, धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल समेत कई नेताओं व प्रशासनिक अधिकारियों ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी।

अंतिम यात्रा में उमड़ा सैलाब

दिवंगत सुदिव्य कुमार की शवयात्रा में हरसिंगरायडीह स्थित आवास के पास जनसैलाब उमड़ पड़ा। इनमें हजारों शुभचिंतक, नेता-कार्यकर्ताओं, विधायक व पूर्व विधायक, मंत्री, पूर्व मंत्री, सांसद, केंद्रीय मंत्री, उद्योगपति, समाजसेवी आदि शामिल थे।

यह भी पढ़ें- हेमंत जेल में थे, कल्पना के लिए गांडेय में संभाला था मोर्चा, अब सोनू की यादें ही शेष

हरसिंगरायडीह आवास से उसरी नदी तट स्थित श्मशान घाट तक एक ओर लोग, तो दूसरी ओर वाहनों का काफिला चलता रहा। आगे-आगे फूलों से सजे वाहन पर पार्थिव शरीर के पीछे गमगीन माहौल में लोगों का हुजूम चल रहा था।

हेमंत और कल्पना ने दी श्रद्धांजलि 

दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर को उनके पुत्र हर्ष, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, अंकित श्रीवास्तव, राकी समेत अन्य ने कांधा दिया और श्मशान घाट तक लेकर पहुंचे। इसके बाद यहां गार्ड आफ आनर व सलामी देते हुए वैदिक नियमों के तहत आगे की प्रक्रिया पूरी कर दिवंगत मंत्री को उनके पुत्र हर्ष ने मुखाग्नि दी।