SIR: झारखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान: अफवाहों के बीच प्रवासी मजदूर लाैट रहे घर
SIR: झारखंड समेत 19 राज्यों में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चल रहा है। नागरिकता छिनने की अफवाह के बाद गिरिडीह के प्रवासी मजदूर काम ...और पढ़ें

बिरनी में चुनाव पाठशाला के दाैरान स्कूली बच्चों और शिक्षकों को दी गई SIR की जानकारी। (फोटो जागरण)
जागरण टीम, गिरिडीह। झारखंड समेत देश के 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) चल रहा है। बीएलओ (BLO) 30 जून 2026 से घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं। यह अभियान 29 जुलाई 2026 तक चलेगा।
बीएलओ द्वारा सत्यापन के बाद 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा और 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। बीएलओ सत्यापन के दाैरान यह चर्चा चल पड़ी है कि जिनका सत्यापन नहीं होगा उनका नाम मतदाता सूची से कट जाएगा। मतदाता सूची से नाम कटने पर नागरिकता छिन जाएगी।
नागरिकता छिनने की अफवाह
अफवाह के बाद बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर घर लाैट रहे हैं। वे दूसरे प्रदेशों में काम-धंधा छोड़कर गिरिडीह आ रहे हैं। बड़ी संख्या में गिरिडीह के मजदूर दूसरे प्रदेशों में काम करते हैं। खोरी महुआ अनुमंडल क्षेत्र के कई गांवों के प्रवासी मजदूर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर परदेस में रह रहे लोग भी अपने घर लौटने लगे हैं।
मतदाता सूची में नाम का सत्यापन, आवश्यक दस्तावेज जमा करने और अन्य औपचारिकताएं पूरी कराने के लिए बड़ी संख्या में प्रवासी अपने गांव पहुंच रहे हैं। इससे पंचायत भवनों और प्रज्ञा केंद्रों में लोगों की आवाजाही बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि दिल्ली, मुंबई, गुजरात, पंजाब सहित विभिन्न राज्यों में रोजगार करने वाले लोग एसआईआर के तहत जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहे हैं। कई जगहों पर मतदाता अपने दस्तावेजों के साथ बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) से संपर्क कर आवेदन जमा कर रहे हैं।
खबरें और भी
प्रशासन ने लोगों से समय रहते आवश्यक दस्तावेजों के साथ SIR की प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से वंचित न रहे।
SIR का वरीय पदाधिकारियों ने लिया जायजा
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य को लेकर बिरनी प्रखंड में मंगलवार को जिला प्रशासन की टीम ने सघन निरीक्षण किया। वरीय पदाधिकारी सह जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला बिरनी सीओ संदीप मधेसिया और बीडीओ फणीश्वर रजवार ने संयुक्त रूप से कई गांवों का भ्रमण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने पेशम गांवों में उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं से बात की और एसआईआर फॉर्म भरने की प्रक्रिया को समझा। इसके बाद बीएलओ, सुपरवाइजर, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक की गई।
साथ ही स्कूलों में भी चुनाव पाठशाला के तहत किया गया। बैठक में वरीय पदाधिकारी ने बताया कि एसआईआर का उद्देश्य है कि 2003 के बाद मतदाता सूची में छूटे हुए नाम जोड़े जाएं और मृत तथा स्थानांतरित मतदाताओं का नाम हटाया जाए।
उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नही। इसके लिए शत-प्रतिशत घरों का सर्वे जरूरी है। बीडीओ और सीओ ने बीएलओ और सुपरवाइजरों को कई दिशा-निर्देश दिए। सभी बीएलओ निर्धारित समय पर बूथों पर उपस्थित रहें और लोगों की समस्या का समाधान करें।
नए 18 वर्ष के युवाओं का नाम प्राथमिकता से जोड़ा जाए,फॉर्म भरने के लिए आधार, जन्म प्रमाण पत्र और 2003 की मतदाता सूची की छाया प्रति ली जाए, किसी भी मतदाता से पैसे की मांग न की जाए,रोजाना ऑनलाइन एंट्री पूरी कर रिपोर्ट बीडीओ कार्यालय को भेजने का निर्देश दिया है।
सीओ ने ग्रामीणों से अपील की कि वे बीएलओ को सहयोग करें और अपने दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि एसआईआर लोकतंत्र को मजबूत करने की प्रक्रिया है। इसमें गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित बीएलओ पर कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर कम्प्यूटर ऑपरेटरराजेश गिरी सुपरवाइजर प्रदीप कुमार शिखा रानी , नोनिता कुमारी प्रवीण प्रभाकर , मुखिया रागिनी सिन्हा आदि उपस्थित थे।