यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 16, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand News: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, अब घर से निकलना भी कराया बंद; केस वापस लेने के लिए बना रहे दबाव
गिरिडीह में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। साथ ही उसका घर से निकलना तक मुश्किल कर दिया है। अब मामले के आरोपित नाबालिग के परिवार को केस वापस ...और पढ़ें

HighLights
- पिछले माह पांच युवकों ने नाबालिग के साथ किया था दुष्कर्म
- दो गिरफ्तार, तीन आरोपित अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। पांच युवकों ने मिलकर एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। अब उसका घर से निकलना तक मुश्किल कर दिया है। आरोपितों की धमकी से किशोरी का पूरा परिवार दहशत में जी रहा है।
केस वापस लेने के लिए पीड़ित पर बना रहे दबाव
पीड़िता और उसके परिवार की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही। शारीरिक और मानसिक तकलीफ से गुजर रही छात्रा को अब घर से निकलने नहीं दिया जा रहा है। सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित और उनके स्वजन किशोरी के परिवार को केस उठाने के लिए तरह-तरह से धमकी दे रहे हैं।
स्थिति यह है कि पीड़िता का स्कूल जाना तो पिछले माह से बंद ही है, घर से बाहर शौच जाना भी दूभर हो गया। किशोरी के स्वजन का कहना है कि आरोपितों की नजर उन सब पर है। जाति-समाज में भी बैठक कर केस उठाने का दबाव बनाया जा रहा है। धमकी से खौफ में जी रही किशोरी की मां ने बेंगाबाद थाने में आवेदन देकर सुरक्षा देने की मांग की है। न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि पूरा परिवार दहशत में है।
दो लोगों को पुलिस ने भेजा है जेल, तीन चल रहे फरार
सामूहिक दुष्कर्म के इस मामले में पुलिस ने पौलुस टुडू और मनिया सोरेन को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। तीन अन्य आरोपित मिथुन सोरेन, हीरालाल सोरेन और साहेबराव सोरेन पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
घटना बीते 19 नवंबर की है। उस रात शादी में गई नाबालिग छात्रा को पांचों आरोपितों ने जंगल ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। फिलहाल, मामला पोक्सो के विशेष न्यायालय में हैं। सुरक्षा की गुहार लगाए जाने के मामले में बेंगाबाद थानेदार ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।