रांची-वाराणसी 20887/20888 वंदे भारत को मिला नया स्टॉपेज, अब इस स्टेशन पर भी रुकेगी ट्रेन
सोमवार को सरिया के हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन पर रांची-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस (20887/20888) का ठहराव शुरू हुआ। विधायक नागेंद्र महतो ने ट्रेन को हर ...और पढ़ें

रांची-वाराणसी 20887/20888 वंदे भारत को मिला नया स्टॉपेज

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, सरिया (गिरिडीह)। सोमवार को सरिया स्थित हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन पर 20887/20888 अप व डाउन रांची–वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस (Ranchi Varanasi Vande Bharat Express) का ठहराव शुरू हो गया।
इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में स्थानीय विधायक नागेंद्र महतो ने ट्रेन को रवाना किया और ट्रेन चालक को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर में उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें विधायक महतो का स्वागत सम्मान किया गया।
'मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा'
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। रेलवे क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की झलक साफ दिखाई दे रही है और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें इसका प्रतीक हैं।
उन्होंने बताया कि हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन इस क्षेत्र का सबसे पुराना स्टेशन है और धनबाद मंडल के सर्वाधिक राजस्व देने वाले स्टेशनों में इसकी गिनती होती है। केंद्रीय मंत्री सह सांसद अन्नपूर्णा देवी के प्रयासों से इस स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है, जिसके तहत स्टेशन का व्यापक नवीनीकरण कार्य प्रगति पर है।
उनके तथा केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा के संयुक्त प्रयासों से वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव यहां संभव हो पाया है। इससे झरिया और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को रांची और वाराणसी जैसे प्रमुख शहरों तक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके।
मौके पर विभाग के एसीएम सुनील कुमार, दिलावर अंसारी, स्टेशन प्रबंधक एसके लाल ,सांसद प्रतिनिधि बिनोद यादव, महेश मिश्रा,देवनाथ राणा,फागु पंडित आदि उपस्थित थे।