Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोड्डा: घर लौटा था खुशियां बांटने, लेकिन ताबूत बन गई सड़क; अस्पताल में गूंजती रही बहन-बहनोई की चीखें

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 04:18 PM (IST)

    बेंगलुरु से छुट्टी पर घर लौटे 28 वर्षीय सत्यम कुमार की महागामा के मोहनपुर में एक तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। ...और पढ़ें

    घर लौटा था खुशियां बांटने, लेकिन ताबूत बन गई सड़क; अस्पताल में गूंजती रही बहन-बहनोई की चीखें

    घर लौटा था खुशियां बांटने, लेकिन ताबूत बन गई सड़क; अस्पताल में गूंजती रही बहन-बहनोई की चीखें

    HighLights

    1. बेंगलुरु से छुट्टी पर लौटे सत्यम की सड़क दुर्घटना में मौत।

    2. महागामा के मोहनपुर में तेज रफ्तार हाइवा ने मारी टक्कर।

    3. शादी की तैयारी के बीच परिवार की खुशियां मातम में बदलीं।

    संवाद सहयोगी, महागामा (गोड्डा)। बेंगलुरु से छुट्टी लेकर घर लौटा 28 वर्षीय सत्यम कुमार अपनों के साथ कुछ खुशनुमा पल बिताने आया था। हंसडीया में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह मेहरमा प्रखंड के डोय स्थित बहनोई के घर जन्मदिन समारोह में जा रहा था।

    किसी ने नहीं सोचा था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। रविवार की रात करीब 10 बजे महागामा थाना क्षेत्र के मोहनपुर स्थित लाइन होटल के समीप तेज रफ्तार कोयला लदे हाइवा ने सामने से उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पलभर में परिवार का जवान बेटा सड़क पर लहूलुहान पड़ा था।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्यम कई फीट दूर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। घटना के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर भागने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस गश्ती दल ने तत्परता दिखाते हुए हाईवा का पीछा शुरू किया।

    काफी दूर तक पीछा करने के बाद पथरगामा थाना क्षेत्र में वाहन को जब्त कर लिया गया। हालांकि पुलिस वाहन को आते देख चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

    इधर, सड़क से गुजर रहे महागामा थाना के चौकीदार भी हादसा देखकर तुरंत रुक गए। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर उन्होंने गंभीर रूप से घायल सत्यम को उठाया और पुलिस गश्ती दल की मदद से महागामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

    खबरें और भी

    अस्पताल में भी चौकीदारों ने बिलख रहे स्वजनों को संभालने का प्रयास किया और उन्हें ढांढस बंधाया।अस्पताल पहुंचने से पहले ही सत्यम ने दम तोड़ दिया। डॉ. प्रीतम कुमार एवं डॉ. आर के झा ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

    मृतक की पहचान बिहार के बांका जिले के कटोरिया निवासी टेकलाल शर्मा के पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही डोय से बहनोई व अन्य स्वजन अस्पताल पहुंचे। चादर में लिपटा शव देखते ही अस्पताल परिसर चीख-पुकार से गूंज उठा।

    किसी की आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे तो कोई बदहवास होकर जमीन पर सिर पटककर रोने लगा।यह दृश्य देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

    स्वजनों ने बताया कि सत्यम बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह छुट्टी लेकर घर आया था और उसकी शादी की बातचीत भी चल रही थी। परिवार उसके नए जीवन के सपने संजो रहा था, लेकिन तेज रफ्तार ने एक ही पल में सारी खुशियां छीन लीं।

    स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहनपुर से नुनाजोर तक का मार्ग लगातार हादसों का गवाह बन रहा है। यहां स्ट्रीट लाइट, चेतावनी संकेत व अन्य सुरक्षा उपायों के अभाव में कई लोगों की जान जा चुकी है। प्रशासन ने वाहन चालकों से तेज रफ्तार, गलत ओवरटेक, शराब पीकर वाहन चलाने और बिना हेलमेट सफर नहीं करने की अपील की है।