झारखंड सरकार ने जारी की मंईया सम्मान योजना की राशि, गोड्डा में CSP में उमड़ी महिलाओं की भीड़
झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना की राशि जारी कर दी है, जिससे लाभुक महिलाओं के खातों में 2500 रुपये पहुंचे।

गोड्डा में CSP में उमड़ी महिलाओं की भीड़
HighLights
झारखंड सरकार ने मंईया सम्मान योजना की राशि जारी की।
लाभुक महिलाओं के खातों में 2500 रुपये की राशि पहुंची।
गोड्डा के सीएसपी केंद्रों पर राशि निकालने उमड़ी भीड़।
संवाद सहयोगी, हनवारा (गोड्डा)। झारखंड सरकार की ओर से जिले में मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना की राशि लाभुकों के खातों में भेज दी गई है। प्रखंड के विभिन्न सीएसपी (कस्टमर सर्विस प्वाइंट) केंद्रों पर सोमवार से महिलाओं की भीड़ उमड़ने लगी।
महिलाओं के खाते में 2500 रुपये की राशि आने पर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। सुबह से ही महगामा, हनवारा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सीएसपी केंद्रों पर बड़ी संख्या में महिलाएं राशि की निकासी के लिए पहुंचीं। कई स्थानों पर कतारें लगी रहीं।
लाभुकों ने बताया कि मइया सम्मान योजना की राशि रविवार को ही खाते में आ गई थी। घरेलू खर्च, बच्चों की पढ़ाई, दवा और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में राहत मिलेगी।
सीएसपी संचालकों ने बताया कि राशि जारी होने के बाद निकासी करने वालों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ गई है। भीड़ को देखते हुए लाभुकों से धैर्य बनाए रखने और अपनी बारी का इंतजार करने की अपील की जा रही है।
कहीं-कहीं नेटवर्क की धीमी गति के कारण निकासी में थोड़ी परेशानी भी हुई, लेकिन अधिकांश लाभुकों को सफलतापूर्वक भुगतान कर दिया गया।
ग्रामीण महिलाओं ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। योजना की राशि मिलने से गांवों के बाजारों में भी खरीदारी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
