विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जयराम महतो का आचरण माफी लायक नहीं, पुलिस एसोसिएशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डुमरी विधायक पर बोला हमला

Published: Mon, 31 Aug 2026 12:39 PM (IST)

झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी विधायक जयराम महतो द्वारा धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज की कड़ी निंदा की है।

पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी। फोटो जागरण

पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी। फोटो जागरण

HighLights

  1. विधायक जयराम महतो ने बरवाअड्डा थाना प्रभारी से अभद्र व्यवहार किया।

  2. झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विधायक के आचरण को माफी लायक नहीं बताया।

  3. गोड्डा में आइआरबी जवानों ने विधायक के खिलाफ कड़ा विरोध जताया।

जागरण संवाददाता, गोड्डा। डुमरी विधायक जयराम महतो की ओर से धनबाद बरबड्डा थाना प्रभारी पर अमर्यादित टिप्पणी करने और धमकी के साथ गाली गलौज करने पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन की ओर से कड़ा प्रतिवाद किया गया है।

गोड्डा के पुलिस केंद्र में रविवार को पुलिस एसोसिएशन से जुड़े IRB-आठ के जवानों ने जमकर विरोध जताया। पुलिस एसोसिएशन ने कहा है कि डुमरी विधायक जयराम महतो का आचरण माफी लायक नहीं है। उन्हें इसकी सजा मिलनी ही चाहिए। लोकतंत्र को ऐसे जनप्रतिनिधि कलंकित कर रहे हैं।

पुलिस एसोसिएशन ने विधायक की टिप्पणी को खतरनाक और अराजक बयान बताया। IRB ने इस मामले में कड़ी नाराजगी जताई है।

कॉल में अभद्र भाषा का इस्तेमाल

एसोसिएशन के सचिव निर्मल यादव ने कहा कि विधायक का व्यवहार निंदानीय है। पुलिसकर्मियों की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले ऐसे जनप्रतिनिधि के आचरण को स्वीकार नहीं किया जा सकता । इस संबंध में एसोसिएशन की ओर से रविवार को पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी गई।

एसोसिएशन के सचिव ने बताया कि बीते 21 अगस्त की रात डुमरी विधायक की ओर से मोबाइल से व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी गई।

इसके बाद देर रात विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे, जहां थाना प्रभारी के कार्यालय कक्ष में भी कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया।

इस दौरान समर्थकों द्वारा थाना प्रभारी की मेज पर रखे सामान को अस्त-व्यस्त करने और नाम पट्टिका तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है। एसोसिएशन के अनुसार इस मामले में बरवाअड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

यह भी आरोप लगाया गया है कि विधायक की ओर से सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से लगातार पुलिसकर्मियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है।

आंदोलन का फैसला

एसोसिएशन ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि के इस तरह के कथित आचरण से पुलिसकर्मियों में पीड़ा और आक्रोश है। सचिव निर्मल कुमार यादव ने बताया कि झारखंड पुलिस एसोसिएशन केन्द्रीय कार्यालय, रांची के पदाधिकारियों ने इस मामले को लेकर आंदोलनात्मक निर्णय लिया है।

आईआरबी-08 गोड्डा शाखा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने केन्द्रीय एसोसिएशन के निर्णय का पुरजोर समर्थन करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की गरिमा, सम्मान और मनोबल की रक्षा के लिए एसोसिएशन एकजुट है। इस दौरान एसोसिएशन के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में टाटा वर्कर्स यूनियन की बैठक में हाथापाई, ग्रेड रिवीजन और फिटमेंट स्लिप पर भिड़े पदाधिकारी