महागामा में बुजुर्ग महिला से ठगी करने वाला शातिर बिहार से गिरफ्तार, सोना और नकदी बरामद
Godda News: महागामा पुलिस ने सोना चमकाने के बहाने बुजुर्ग महिला से लाखों के जेवर ठगने वाले गिरोह के एक सदस्य को बिहार से गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

अपराधी के पकड़े जाने और सोने की बरामदगी की जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी। (फोटो साैजन्य)
संवाद सहयोगी, महागामा (गोड्डा)। सोना-चांदी चमकाने का झांसा देकर 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला से लाखों के जेवर ठगने वाले गिरोह का महागामा पुलिस ने महज कुछ दिनों में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र से गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार कर उसके पास से ठगी का पिघला हुआ सोना, 18 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त अपाचे बाइक और सोना साफ करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।
मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने मामले का खुलासा करते हुए घटना की पुष्टि की।उन्होंने बताया कि सात जुलाई को उर्जानगर एनएचएस कॉलोनी निवासी 76 वर्षीय कांता देवी ने महागामा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो युवक सोना-चांदी चमकाने का झांसा देकर उनका सोना लेकर फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल का गठन किया गया।एसडीपीओ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने बिहार के कहलगांव में छापेमारी कर राजेश कुमार साह को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।उसकी निशानदेही पर ठगी का पिघला हुआ सोना, 18 हजार रुपये, सोना साफ करने वाला ब्रश, शाइनिंग लिक्विड, पितांबरी पाउडर, अन्य रसायन, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा बीआर-10एएस-3660 नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई।
खबरें और भी
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।वहीं, फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।छापेमारी दल में महागामा पुलिस इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार महतो, थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल, ललमटिया थाना प्रभारी रौशन कुमार, पुअनि रोमा कुमारी, पुअनि अश्विनी कुमार, सअनि अशोक कुमार सिंह व थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।