झारखंड के महागामा में बनेगा केंद्रीय विद्यालय, जमीन की तलाश तेज
गोड्डा जिले के महागामा प्रखंड में केंद्र सरकार के निर्देश पर नया पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खोला जाएगा। उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बै ...और पढ़ें

HighLights
महागामा में नया पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खोला जाएगा।
उपायुक्त की अध्यक्षता में तैयारियों की अहम समीक्षा हुई।
विद्यालय के लिए जमीन की तलाश तेज कर दी गई है।
जागरण संवाददाता, गोड्डा। जिले के महागामा प्रखंड में केंद्र सरकार के निर्देश पर नया केंद्रीय विद्यालय खोला जाएगा। मंगलवार को इस मसले पर समाहरणालय कक्ष में उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में गोड्डा जिलान्तर्गत महागामा प्रखंड में प्रस्तावित नए पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए आवश्यक तैयारियों एवं केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित प्रतिबद्धताओं की पूर्ति से संबंधित अहम समीक्षात्मक बैठक की गई।
प्रशासन की ओर से केंद्रीय विद्यालय के लिए जमीन की तलाश तेज कर दी गई है। बैठक में पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक, तकनीकी एवं आधारभूत पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
संबंधित विभागों के पदाधिकारियों की ओर से केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को भूमि उपलब्धता, आवश्यक संसाधनों तथा लंबित प्रक्रियाओं की अद्यतन जानकारी उपायुक्त को उपलब्ध कराई गई।
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय स्थापना हेतु चिन्हित भूमि की उपलब्धता एवं उसकी वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा इससे संबंधित सभी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
परिसर में होंगी सभी सुविधाएं
साथ ही विद्यालय परिसर तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए संपर्क पथ, पेयजल सुविधा, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत संरचनात्मक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं राष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र सरकार एवं केन्द्रीय विद्यालय संगठन द्वारा निर्धारित सभी शर्तों एवं प्रतिबद्धताओं का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यालय स्थापना की प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक के दौरान भूमि हस्तांतरण, आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी), अस्थायी भवन की उपलब्धता, स्थायी भवन निर्माण की संभावनाएं, सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक बिंदुओं पर भी विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना हेतु आवश्यक सभी सहयोग एवं संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। संबंधित विभागों को नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
खबरें और भी
बैठक में अपर समाहर्ता इंदर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, महागामा आलोक वरण केसरी, अंचल अधिकारी, महागामा खगेन महतो, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार , गोड्डा पीएम केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य रजनीश कमल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।