यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 28, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Election 2024: तेजस्वी यादव ने BJP नेताओं को बताया 'असली घुसपैठिया', कहा- हेमंत को जेल में डालने का बदला लेगी जनता
Jharkhand Vidhan Sabha Election 2024 बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गोड्डा में महागठबंधन प्रत्याशी संजय प्रसाद यादव की नामांकन रैली में भाजपा ...और पढ़ें

HighLights
- भाजपा के पास मुद्दा नहीं, हेमंत सरकार में तेजी से तरक्की कर रहा झारखंड : तेजस्वी
- कहा- घुसपैठिए की बात कर रही भाजपा असली घुसपैठिया
जागरण संवाददाता, गोड्डा। गोड्डा विधानसभा से महागठबंधन से राजद प्रत्याशी संजय प्रसाद यादव की नामांकन रैली में बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भाजपा पर जोरदार हमला किया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा जिस घुसपैठिए की बात कर रही है, वह घुसपैठिए कोई और नहीं भाजपा के नेता हैं। वे बाहर से यहां आकर राजनीतिक घुसपैठिए बने हुए हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बीते 10 साल से गोड्डा में भाजपा के विधायक हैं। वे गोड्डा के लिए आवाज नहीं उठा पा रहे हैं। इस बार गोड्डा में जनता परिवर्तन लाएगी।
सोमवार को गोड्डा के सिकटिया मैदान में संजय प्रसाद यादव की नामांकन रैली में तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन की सरकार समाज के सबसे पिछड़े और कमजोर तबके के लोगों को मुख्य धारा में लाने के लिए कार्य कर रही है। लोगों को सम्मान मिले, सबका साथ मिले। झारखंड की तरक्की हो। यही महागठबंधन का चुनावी मुद्दा है।
तेजस्वी ने कहा कि झाररखंड में सबसे ज्यादा समय तक भाजपा ने राज किया। झारखंड को बर्बाद करने का काम किया। तब आदिवासी डेमोग्राफी और घुसपैठ का मुद्दा भाजपा को नजर नहीं आया। अब हेमंत सरकार ने झारखंड का तेजी से विकास शुरू किया है तो भाजपा के पेट में दर्द हो रहा है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि एनडीए के सहयोगी ने ही बीजेपी का मतलब बड़का झूठा पार्टी बनाया था जो केवल जनता को ठगने का काम करती है। कहा कि महागठबंधन इस बार एकजुट है। ईडी, सीबीआइ और इनकम टैक्स का डर दिखाकर महागठबंधन को तोड़ने की तमाम साजिश फेल हो गई है। सरकार ने सफलता पूर्वक पांच साल का कार्यकाल पूरा किया है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि यहां के आदिवासी सीएम को भाजपा ने प्रताड़ित करने का काम किया। झूठे आरोपों में फंसाकर जेल भेजा। इसका लोग इस बार करारा जवाब देंगे। हेमंत सोरेन फिर से सीएम बनेंगे और झारखंड में विकास की रफ्तार को तेज करेंगे।
खबरें और भी
ये नेता रहे मौजूद
राजद की इस रैली में भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी। सिकटिया से लेकर जिला मुख्यालय तक सुबह से दोपहर तक जाम की स्थिति रही। मंच पर सीएम हेमंत सोरेन, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, बांका के पूर्व विधायक जावेद इकबाल अंसारी सहित कांग्रेस, झामुमो और राजद सहित वामदलों के नेता मौजूद थे।