गुमला के बाकी नदी में डूबने से 3 वर्षीय बच्ची की मौत, धान रोपाई के दौरान हुई थी लापता
गुमला के सांवरिया गांव में बाकी नदी में डूबने से तीन वर्षीय अगस्ति कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार को लापता हुई बच्ची का शव रविवार सुबह नदी से बरा ...और पढ़ें

तीन वर्षीय बच्ची अगस्ति कुमारी की नदी में डूबकर मौत।
HighLights
तीन वर्षीय बच्ची अगस्ति कुमारी की नदी में डूबकर मौत।
गुमला के सांवरिया गांव में शोक का माहौल।
जागरण संवाददाता, गुमला। सदर थाना क्षेत्र के सांवरिया गांव में बाकी नदी में डूबने से तीन वर्षीय बच्ची अगस्ति कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका गांव निवासी जीतराम भगत की पुत्री थी। घटना शनिवार की बताई जा रही है रविवार सुबह उसका शव नदी से बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को परिवार के सभी सदस्य बाकी नदी किनारे स्थित खेत में धान की रोपाई करने गए थे। अगस्ति भी अपनी मां और अन्य ग्रामीणों के साथ खेत में मौजूद थी। रोपाई के दौरान सभी लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे।
कुछ देर बाद जब उसके पिता खेत लौटे तो बच्ची वहां नहीं दिखी। पहले परिजनों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से देर शाम तक खेतों, नदी किनारे और आसपास के इलाकों में तलाश जारी रही, मगर सफलता नहीं मिली।
रविवार सुबह एक बार फिर ग्रामीणों और परिजनों ने खोज अभियान शुरू किया। इस दौरान खेत से लगभग एक किलोमीटर दूर बाकी नदी के किनारे बने गड्ढेनुमा गहरे स्थान में बच्ची का शव मिला।
शव मिलने की सूचना से गांव में मातम छा गया। परिजनों ने आशंका जताई कि भोजन करने के बाद बच्ची संभवतः नदी में हाथ धोने चली गई होगी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव के साथ गहरे पानी में चली गई, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई।
खबरें और भी
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना के एएसआई मंगल टुडू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक की लहर है तथा ग्रामीणों ने नदी किनारे छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।