Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुमला के कस्तूरबा गांधी स्कूल में छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 12:12 PM (IST)

    गुमला के भरनो स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में 10वीं की छात्रा प्रियंका कुमारी ने छात्रावास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. 10वीं की छात्रा प्रियंका ने छात्रावास में फांसी लगाकर आत्महत्या की।

    2. परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

    जागरण संवाददाता, गुमला। भरनो प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) के छात्रावास में बुधवार की अहले सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई।

    विद्यालय की 10वीं कक्षा की छात्रा प्रियंका कुमारी ने छात्रावास के तीसरे तल स्थित अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। 

    सूचना मिलने पर भरनो थाना पुलिस, शिक्षा विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। विद्यालय की वार्डन दिव्या टोप्पो ने बताया कि प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह छात्रावास की सभी छात्राएं पीटी (शारीरिक प्रशिक्षण) के लिए मैदान में गई थीं।

    प्रियंका ने पेट दर्द की शिकायत करते हुए पीटी में जाने से मना कर दिया और अपने कमरे में ही रुक गई। पीटी के दौरान जब उपस्थिति ली गई तो प्रियंका के अनुपस्थित रहने पर कुछ छात्राओं को उसे बुलाने भेजा गया।

    छात्राओं ने दरवाजा खटखटाकर आवाज लगाई तो अंदर से प्रियंका ने बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और वह पीटी में नहीं आएगी। पीटी समाप्त होने के बाद जब छात्राएं वापस अपने कमरे में लौटीं तो प्रियंका के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।

    खबरें और भी

    काफी देर तक आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद छात्राओं ने शोर मचाया, जिस पर विद्यालय कर्मी पहुंचे। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो प्रियंका दुपट्टे के सहारे फंदे से झूलती हुई मिली।

    आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया,लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना तत्काल भरनो थाना पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे।

    पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आवश्यक पूछताछ की और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर घटना की सूचना मिलते ही मृत छात्रा के परिजन भी विद्यालय पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

    उन्होंने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। मृतका के पिता ने कहा कि उनकी बेटी शांत स्वभाव और मिलनसार थी। केवल पेट दर्द की वजह से वह इतना बड़ा कदम नहीं उठा सकती।

    उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की अपील की। घटना की गंभीरता को देखते हुए गुमला की जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो, एसडीएम अखिलेश कुमार, बीडीओ अरुण कुमार सिंह,बीपीओ सूरज लकड़ा सहित कई प्रशासनिक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी विद्यालय पहुंचे।

    अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा विद्यालय प्रबंधन से घटना की जानकारी ली। साथ ही छात्रावास में रह रही अन्य छात्राओं के साथ बैठक कर उनसे बातचीत की और उनका मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया।

    फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद विद्यालय परिसर में शोक का माहौल है और छात्राओं में भी भय एवं दहशत का वातावरण बना हुआ है।