विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुमला में गोनमेर पहाड़ के पास दिखे हाथी, वन विभाग ने जारी की चेतावनी; अकेले जंगल न जाने की सलाह

Published: Sat, 05 Sep 2026 12:28 PM (IST)

गुमला के पालकोट प्रखंड के जंगलों में दो हाथी देखे गए हैं, जिसके बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है और ग्रामीणों को सतर्क कर रहा है।os

HighLights

  1. गुमला के पालकोट जंगल में दो हाथी देखे गए।

  2. वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी।

  3. हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा गया।

जागरण संवाददाता, गुमला। जिले के पालकोट प्रखंड क्षेत्र के जंगलों में दो  हाथियों के पहुंचने की सूचना के बाद आसपास के ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है। हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही वन विभाग सक्रिय हो गया है। विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सावधान किया जा रहा है। 

जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मी मौके पर पहुंचे तथा हाथियों की स्थिति एवं उनके आवागमन की जानकारी जुटाई। वन विभाग के वनपाल कृष्णा महतो ने बताया कि क्षेत्र के जंगलों में दो हाथियों के पहुंचने की सूचना मिली है। फिलहाल दोनों हाथी गोनमेर पहाड़ के आसपास मौजूद बताए जा रहे हैं। उनकी गतिविधियों पर विभाग की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। 

सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह

वन विभाग की ओर से आसपास के गांवों के लोगों को हाथियों की मौजूदगी को लेकर सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों को विशेष रूप से जंगल अथवा हाथियों के संभावित रास्ते में अकेले नहीं जाने तथा हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। 

विभाग ने लोगों से कहा है कि हाथियों को देखकर उनके पीछे जाने, तस्वीर लेने के लिए नजदीक जाने या भीड़ जुटाने से बचें। वनपाल कृष्णा महतो ने ग्रामीणों से अपील की कि हाथियों को किसी भी परिस्थिति में डराने, भगाने या परेशान करने का प्रयास नहीं करें। हाथियों के रास्ते में आने अथवा उन्हें छेड़ने से स्थिति गंभीर हो सकती है। उन्होंने कहा कि हाथियों की गतिविधि की जानकारी मिलने पर ग्रामीण स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दें।

उत्सुकता के साथ सुरक्षा को लेकर चिंता 

इधर, दो हाथियों के जंगल क्षेत्र में पहुंचने से ग्रामीणों में उत्सुकता के साथ सुरक्षा को लेकर चिंता भी बनी हुई है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है। विभाग का प्रयास है कि हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उन्हें सुरक्षित रूप से जंगल क्षेत्र में रखा जाए और मानव-हाथी संघर्ष की किसी भी संभावित स्थिति को रोका जा सके।