गुमला में घर से खेलने निकली तीसरी की छात्रा कुएं में डूबी, चप्पल देखकर ग्रामीणों ने निकाला शव
गुमला के पालकोट थाना क्षेत्र के उमड़ा गांव में सात वर्षीय असरिता कुमारी की कुएं में डूबने से मौत हो ...और पढ़ें
-1788613619272_m.webp)
तीसरी की छात्रा कुएं में डूबी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
सात वर्षीय असरिता कुमारी की कुएं में डूबकर मौत।
पालकोट के उमड़ा गांव में हुई दुखद घटना।
पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की।
संवाद सूत्र, गुमला। पालकोट थाना क्षेत्र के उमड़ा गांव में कुएं में डूबने से सोमरा उरांव की सात वर्षीया बच्ची असरिता कुमारी की मौत हो गई। घटना की जानकारी शनिवार सुबह मिलने के बाद पालकोट पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका के पिता सोमरा उरांव ने बताया कि उनका मूल घर सिसई प्रखंड के सिसकारी गांव में है। करीब तीन वर्षों से उनका परिवार उमड़ा में ही रह रहा है। असरिता का अधिकांश समय उसकी बुआ सूकरनि के घर ही बीतता था। बुआ का तीन बेटा है। बेटी नहीं होने के कारण असरिता से काफी लगाव जुड़ाव था।
सुबह स्वजन और ग्रामीण दोबारा बच्ची की तलाश किए
असरिता उमड़ा मध्य विद्यालय में तीसरी कक्षा की छात्रा थी। शुक्रवार को जन्माष्टमी की छुट्टी होने के कारण वह दोपहर में घर से बाहर निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर स्वजनों ने आसपास उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह स्वजन और ग्रामीण दोबारा बच्ची की तलाश कर रहे थे।

इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर शिवा उरांव के कुएं में बच्ची की चप्पल पानी में तैरती दिखाई दी। इसके बाद ग्रामीणों ने कुएं में झगड़ डालकर तलाश शुरू की। प्रयास के बाद बच्ची का शव कुएं से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पालकोट थाना पुलिस को दी गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथमदृष्टया बच्ची की मौत कुएं में डूबने से होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
पालकोट थाना के एसआई प्रमोद कुमार ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। उन्होंने बताया कि बच्ची की मौत के हर पहलू की जांच की जाएगी।
