विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुमला में मच्छरदानी के अंदर घुसा करैत, दो वर्षीय बच्ची को पेट में काटा; इलाज जारी

Published: Wed, 26 Aug 2026 05:47 PM (IST)

गुमला के कटिंबा गांव में मच्छरदानी के अंदर घुसे करैत सांप ने दो वर्षीय बच्ची परिधि सिंह को काट लिया। ...और पढ़ें

मच्छरदानी के अंदर घुसा करैत, दो वर्षीय बच्ची को सांप ने काटा।

मच्छरदानी के अंदर घुसा करैत, दो वर्षीय बच्ची को सांप ने काटा।

HighLights

  1. झारखंड के गुमला में दो वर्षीय बच्ची को करैत सांप ने काटा।

  2. मच्छरदानी के अंदर घुसकर सांप ने बच्ची के पेट पर हमला किया।

  3. बच्ची की हालत स्थिर, सदर अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जागरण संवाददाता, गुमला। अलबर्ट एक्का जारी थाना क्षेत्र के कटिंबा गांव में मंगलवार की रात करीब नौ बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई। मच्छरदानी के अंदर घुसे जहरीले करैत सांप ने पलंग पर सो रही दो वर्षीय बच्ची परिधि सिंह को पेट में काट लिया।

सांप के काटने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने की आशंका से परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन बिना समय गंवाए बच्ची को लेकर सदर अस्पताल गुमला पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल बच्ची की स्थिति स्थिर है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य घर में पलंग पर सो रहे थे। गर्मी और मच्छरों से बचाव के लिए पलंग के चारों ओर मच्छरदानी लगी हुई थी। इसी दौरान एक करैत सांप किसी तरह मच्छरदानी के अंदर प्रवेश कर गया। परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी तब हुई, जब सांप ने सो रही बच्ची के पेट में काट लिया।

कुछ देर बाद परिजनों की नजर सांप पर पड़ी तो घर में हड़कंप मच गया। बच्ची के रोने और सांप को देखने के बाद परिजन तत्काल उसे लेकर अस्पताल जाने की तैयारी में जुट गए।

परिजनों के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने से पहले उन्होंने घरेलू उपाय के तौर पर ‘चीती’ नामक पत्थर को बच्ची की नाभि के पास काटे गए स्थान पर रखा था। हालांकि, इस उपाय पर निर्भर रहने के बजाय परिजन बच्ची को लेकर रात में ही सदर अस्पताल गुमला पहुंच गए।

चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा उपचार

सदर अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने बच्ची की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक उपचार शुरू किया। बच्ची को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। बुधवार सुबह बच्ची की मां ने बताया कि घटना के बाद परिवार के सभी लोग काफी भयभीत हो गए थे। अस्पताल पहुंचने और चिकित्सकों द्वारा उपचार शुरू किए जाने के बाद उन्हें राहत मिली है।

घरेलू उपचार के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह

चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि जहरीले सांप के काटने की स्थिति में किसी भी तरह के घरेलू उपचार या झाड़-फूंक पर निर्भर रहने के बजाय पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाएं।

सांप के काटने के मामलों में समय पर चिकित्सकीय उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने और रात में सोने से पहले बिस्तर, मच्छरदानी तथा आसपास के स्थानों की जांच करने की सलाह दी जाती है।

घटना के बाद कटिंबा गांव में भी लोगों के बीच सांप को लेकर भय का माहौल है। बरसात और गर्मी के मौसम में सांपों के घरों में घुसने की आशंका बढ़ जाती है, ऐसे में ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।