गुमला में पैसे नहीं दिए तो 70 साल की मां को टांगी-हंसुआ से काट डाला, हत्या के बाद शव खेत में फेंका; बेटा गिरफ्तार
गुमला के घाघरा थाना क्षेत्र में एक कलयुगी पुत्र ने पैसे न देने पर अपनी 70 वर्षीय मां तेतरी देवी ...और पढ़ें

गुमला में पुत्र ने पैसे न देने पर मां की हत्या की।
HighLights
गुमला में पुत्र ने पैसे न देने पर मां की हत्या की।
आरोपी ने टांगी और हंसुआ से वार कर मां को मार डाला।
संवाद सूत्र, घाघरा (गुमला)। कहते है एक मां अपने बच्चे की ढा़ल होती है, जो उसे हर मुश्किलों से बचाती है और उसका सामना करती है। लेकिन क्या हो जब बच्चा उसी ढाल को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा कांटा मानता हो। ऐसा ही एक मामला सामने आया है गुमला से।
गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के नाथपुर गांव में शनिवार को एक कलयुगी पुत्र ने पैसे नहीं देने पर अपनी 70 वर्षीय मां तेतरी देवी की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के आरोपित 29 वर्षीय पुत्र परदेसिया महतो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परदेसिया महतो अपनी मां से पैसे की मांग कर रहा था। मां द्वारा पैसे देने से इन्कार किए जाने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर परदेसिया ने घर में रखी टांगी से मां के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल तेतरी देवी जमीन पर गिर पड़ीं। इसके बाद आरोपित ने हंसुआ से भी उन पर वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मां की हत्या के बाद आरोपित ने घटना को छिपाने और साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। उसने शव को घर से बाहर निकालकर समीप के खेत में फेंक दिया। घर में फैले खून के धब्बों को गोबर और पानी से साफ करने का भी प्रयास किया गया। वहीं, हत्या में प्रयुक्त हथियारों को भी पानी से धो दिया गया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने घर के समीप खेत में तेतरी देवी को खून से लथपथ पड़ा देखा।
इसके बाद तत्काल इसकी सूचना घाघरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना के जेएसआई विकास कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और आरोपित पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
