हजारीबाग की PDS दुकान में छिपकर बैठा था 9 फीट का अजगर, गेहूं की बोरी हटाते ही मचा हड़कंप
हजारीबाग के दुलमाहा गांव की पीडीएस दुकान में राशन वितरण के दौरान 9 फीट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। ...और पढ़ें
HighLights
हजारीबाग की पीडीएस दुकान में मिला 9 फीट का अजगर।
गेहूं की बोरी हटाने पर दिखा, जिससे दुकान में हड़कंप मचा।
वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर अजगर को जंगल में छोड़ा।
संवाद सूत्र, बरही (हजारीबाग)। झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही प्रखंड के दुलमाहा गांव स्थित एक पीडीएस दुकान में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राशन वितरण के दौरान गोदाम में रखी गेहूं की बोरी हटाते ही उसके नीचे करीब नौ फीट लंबा विशाल अजगर कुंडली मारे बैठा मिला।
अजगर को देखते ही दुकानदार और वहां मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही फारेस्टर अमर आनंद सरस्वती के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान चलाकर अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे बोरे में बंद कर बरसोत के घने जंगल में छोड़ दिया गया।
वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू अभियान का वीडियो भी क्षेत्र में तेजी से वायरल हो रहा है। अभियान में आशीष कुमार, राकेश कुमार, बासुदेव मालाकार, ताहिर हुसैन, आयुषतोष यादव और बिनोद मेहता सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जंगली जीव या सांप के दिखाई देने पर उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।