NEET और JEE जैसी परीक्षाएं कराने वाली NTA की कमान झारखंड के IRS आकाश जैन के हाथों में
वर्ष 2013 बैच के आईआरएस अधिकारी आकाश जैन को केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) का संयुक्त निदेशक नियुक्त किया है। हजारीबाग निवासी जैन की इ ...और पढ़ें

IRS आकाश जैन बने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के संयुक्त निदेशक।
HighLights
आकाश जैन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी NTA के संयुक्त निदेशक नियुक्त।
2013 बैच के आईआरएस अधिकारी को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी।
हजारीबाग निवासी जैन की नियुक्ति से जिले में खुशी।
संवाद सूत्र, हजारीबाग। शहर के झंडा चौक निवासी एवं वर्ष 2013 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी आकाश जैन को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति ने उन्हें राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) का संयुक्त निदेशक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से पूरे हजारीबाग जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत आकाश जैन को प्रतिनियुक्ति पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने वर्ष 2013 में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय राजस्व सेवा में स्थान हासिल किया था।
झंडा चौक जैसे सामान्य इलाके से निकलकर देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियों तक पहुंचने वाले आकाश जैन युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं।
अपनी सादगी, ईमानदारी एवं कार्यकुशलता के कारण वे प्रशासनिक हलकों में अलग पहचान रखते हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी देश की प्रमुख एवं बड़ी प्रवेश परीक्षाओं का आयोजन करती है।
मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट, इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (यूजीसी-नेट) तथा केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाएं इसी संस्था के माध्यम से आयोजित होती हैं।
ऐसे में आकाश जैन को इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी मिलना हजारीबाग एवं झारखंड के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।
हाल के वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता एवं बेहतर संचालन को लेकर लगातार चर्चा होती रही है।
ऐसे समय में हजारीबाग के अधिकारी को इस अहम जिम्मेदारी में शामिल किया जाना जिले के लिए सम्मान की बात माना जा रहा है।