हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा, कोयला लेकर जा रहे बाइक सवार की मौके पर मौत, टक्कर के बाद 15 फीट घिसटता चला गया था युवक
बरही के करसो पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में 40 वर्षीय तस्व्बर अंसारी की दर्दनाक मौत ...और पढ़ें

करसो पुल के पास बाइक सवार की दर्दनाक मौत।
HighLights
करसो पुल के पास बाइक सवार की दर्दनाक मौत।
अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ भीषण सड़क हादसा।
संवाद सूत्र, बरही (हजारीबाग)। बरही थाना क्षेत्र के हजारीबाग रोड स्थित करसो पुल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बड़कागांव थाना क्षेत्र के बादम पंचायत अंतर्गत रूदी (चटनियां) गांव निवासी मुकीम मियां के 40 वर्षीय पुत्र तस्व्बर अंसारी के रूप में हुई।
बताया जाता है कि तस्व्बर अंसारी बादम से बाइक पर कोयला के बोरों को लादकर बरही चौक की ओर आ रहा था। इसी दौरान करसो पुल के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद वह संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़ा। बाइक का चेन भी फंस कर लॉक हो गया, जिससे वह करीब 15 फीट दूर तक सड़क पर घिसटता चला गया।
हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तस्व्बर अंसारी को एंबुलेंस से अनुमंडलीय अस्पताल, बरही लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण भी काफी संख्या में बड़कागांव से बरही पहुंच गए। पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियों समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि तस्व्बर अंसारी अपने घर का एकलौता कमाऊ व्यक्ति था जो मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बरही पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। मृतक के परिजन दुर्घटना के संबंध में बरही थाना में आवेदन देने की तैयारी में है। अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।