विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग के चौपारण में बिहार के युवक को लगी गोली, हालत गंभीर; मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े होने की चर्चा

Published: Sun, 30 Aug 2026 12:24 PM (IST)

चौपारण के दनुआ में बिहार के एक युवक अजय कुमार सिंह को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से ...और पढ़ें

बिहार के युवक अजय कुमार सिंह को गोली लगी। जागरण

बिहार के युवक अजय कुमार सिंह को गोली लगी। जागरण

HighLights

  1. चौपारण में बिहार के 21 वर्षीय युवक अजय कुमार सिंह को गोली लगी।

  2. आपसी रंजिश या मादक पदार्थों के कारोबार से घटना का संदेह।

जागरण संवाददाता, चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण थाना क्षेत्र में दनुआ में शनिवार को अज्ञात अपराधियों ने बिहार निवासी एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

घायल युवक की पहचान बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत चापी गांव निवासी अजय कुमार सिंह (21), पिता मुनेश सिंह के रूप में हुई है। अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. प्रकाश ज्ञानी ने बताया कि युवक को गोली लगी है और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया।

घटना के बाद दनुआ घाटी क्षेत्र में पुलिस की गतिविधियां बढ़ गई हैं। हालांकि, घटना के संबंध में पुलिस की ओर से अब तक कोई स्पष्ट आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। मामले की जानकारी लेने के लिए चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार से संपर्क किया गया, लेकिन घटना की पुष्टि नहीं की। पुलिस के इस रुख से घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

आपसी रंजिश में गोलीबारी की आशंका

स्थानीय स्तर पर घटना को आपसी रंजिश और वर्चस्व से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, सूत्रों के अनुसार घायल युवक के कथित रूप से मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े होने की भी चर्चा है। आशंका जताई जा रही है कि कारोबार से जुड़े लेन-देन अथवा वर्चस्व के विवाद में गोलीबारी की घटना हुई हो। हालांकि, इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की वास्तविक वजह और गोली चलाने वालों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में प्राथमिकी, घटनास्थल और आरोपियों के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। चोरदाहा चेकपोस्ट प्रभारी नितेश कुमार ने मामले से अनभिज्ञता जाहिर की है।