विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 150 टन से अधिक अवैध कोयला जब्त

Published: Fri, 10 Jul 2026 03:40 PM (IST)

सीआईएसएफ ने हजारीबाग के बड़कागांव में 150.9 टन अवैध कोयला जब्त किया, जिसमें चार ट्रक और दो मोटरसाइकिल भी शामिल ...और पढ़ें

चार ट्रक व दो बाइक जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार। जागरण

चार ट्रक व दो बाइक जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार। जागरण

संसू जागरण, बड़कागांव (हजारीबाग)। अवैध कोयला खनन एवं तस्करी के खिलाफ सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 150.9 टन अवैध कोयला जब्त किया । बड़कागांव के 13 माइल चौक पर चलाए गए विशेष अभियान में चार ट्रक और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं।

कार्रवाई के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार कर बड़कागांव थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि जांच से बचने के लिए भागे दो ट्रकों को पीछा कर लावारिस हालत में बरामद कर लिया गया।

गृह मंत्रालय के निर्देश तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत सीआईएसएफ इकाई, एनटीपीसी-सीएमपी हजारीबाग कमांडेंट विवेक शर्मा के निर्देशन में नौ जुलाई की रात विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 13 माइल चौक पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की गई।

इस दौरान अवैध कोयला लदे दो ट्रकों को चालकों सहित पकड़ा गया। वहीं दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर लगभग 450 किलोग्राम अवैध कोयला ले जा रहे दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।

इसी दौरान ट्रक संख्या जेएच 05 DS 6488 एवं जेएच 02 BB 7975 नाका तोड़कर तेज रफ्तार से भाग निकले। सीआईएसएफ जवानों ने दोनों ट्रकों का पीछा किया। करीब सात किलोमीटर आगे दोनों ट्रक लावारिस हालत में बरामद हुए, जबकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए बड़कागांव पुलिस कार्रवाई में लगी है।

सीआईएसएफ के अनुसार अभियान में कुल करीब 150.9 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। जब्त किए गए सभी ट्रक, मोटरसाइकिल और कोयले को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए बड़कागांव थाना को सौंप दिया गया है।

मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही अवैध कोयला तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा और अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

गिरफ्तार आरोपित

गिरफ्तार आरोपितों में विजय यादव (पिता- जगन्नाथ यादव), तुलश्वर कुमार मेहता (पिता- किशोरी मेहता), पुरुषोत्तम कुमार (पिता- नेटलाल महतो) और कुलदीप साव (पिता- उदय साव) शामिल हैं।

जब्त वाहन

ट्रक – JH 02 AP 2225, OD 04 L 9311।
मोटरसाइकिल – JH 09 L 4241, JH 01 AJ 5738।
पीछा करने के बाद लावारिस बरामद ट्रक – JH 05 DS 6488 एवं JH 02 BB 7975

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।