चरही में 35 हाथियों के झुंड ने फसल रौंदी, कच्चा मकान तोड़ा; एनएच-33 पर एक घंटे तक ठप रहा वाहनों का परिचालन
हजारीबाग के चरही में 35 हाथियों के झुंड ने खेतों में तैयार धान की फसल और एक गरीब का कच्चा ...और पढ़ें

सोमवार को चरही प्रखंड क्षेत्र में कच्चे मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और अंदर रखे खाद्यान्न को भी नष्ट कर दिया।
HighLights
35 हाथियों के झुंड ने धान की फसल रौंदी।
एक गरीब का कच्चा मकान पूरी तरह ध्वस्त किया।
एनएच-33 पर एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
संसू, चरही (हजारीबाग)। हजारीबाग जिले के चरही प्रखंड क्षेत्र में 35 हाथियों के झुंड ने खेतों में पककर तैयार धान की फसल को रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।
वहीं एक गरीब का कच्चा मकान भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। इस दौरान घर में रखे धान, चावल और अन्य घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
हाथियों के लगातार विचरण और आतंक से पूरे इलाके के ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है।
खेतों में फसल और मकान को पहुंचाया नुकसान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सात नवंबर की रात करीब आठ बजे से आठ नवंबर की अहले सुबह 2:30 बजे तक हाथियों के इस झुंड ने चनारो पंचायत के चीचीकला टोला पिपराबेड़ा में भारी तबाही मचाई।
हाथियों ने राजू महतो की धान की फसल को नष्ट कर दिया, जिससे उन्हें करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित राजू महतो का कहना है कि पिछले वर्ष भी हाथियों ने उनकी फसल नष्ट कर दी थी, जिसका मुआवजा आज तक उन्हें नहीं मिला है।
इसके अलावा, नरेश महतो के एक एकड़ 30 डिसमिल खेत में लगी धान की फसल और डोमन महतो की फसल को भी हाथियों ने रौंदकर बर्बाद कर दिया।
जिससे क्रमशः 60 हजार और 15 हजार रुपये की क्षति हुई है। पिपराबेड़ा में उत्पात मचाने के बाद हाथियों का झुंड चीचीकला जंगल में डेरा जमाए रहा।
एनएच-33 पर एक घंटे तक थमा वाहनों का परिचालन
आठ नवंबर की रात करीब 10 बजे से 11 बजे तक 35 हाथियों का यह झुंड पांच अलग-अलग समूहों में चरही घाटी पार कर रहा था।
इस दौरान एनएच-33 पर सुरक्षा कारणों से करीब एक घंटे तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे सड़क पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
घाटी पार करने के बाद हाथियों का यह झुंड रात करीब 2:30 बजे चरही पंचायत के सरबाहा टोला बदुरलतवा स्थित सरना स्थल पहुंचा।
यहां उन्होंने मंगरी धनवार, पति स्व. सुकर उरांव के कच्चे मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और अंदर रखे खाद्यान्न को भी नष्ट कर दिया।
वन विभाग की टीम कर रही है मॉनिटरिंग
बदुरलतवा में तांडव मचाने के बाद हाथियों का झुंड फिलहाल चरही घाटी के जंगल में डेरा जमाए हुए है। हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने के लिए वन विभाग की क्यूआरटी (QRT) टीम और अधिकारी लगातार प्रयासरत हैं।
मांडू के प्रभारी वनपाल विकास उरांव, वनरक्षी पवन देव राम और नितेश कुमार रजवार गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों को सतर्क कर रहे हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के झुंड के नजदीक न जाएं और उनके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ न करें।